एएनआई, कल्लाकुरिची। तमिलनाडु के कल्लाकुरिची की जिला कलेक्टर जेई पद्मजा से टीवीके के विधायक सी. अरुल विग्नेश द्वारा कथित तौर पर अश्लील संदेश भेजने के मामले में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन पूछताछ की गई।
विशेष जांच अधिकारियों ने कलेक्टर के आवास पर करीब दो घंटे तक उनसे सवाल-जवाब किए।विशेष जांच अधिकारी और तिरुपुर की पुलिस अधीक्षक सृष्टि सिंह तथा जांच की निगरानी कर रहीं पुलिस महानिरीक्षक कामिनी ने पद्मजा से पूछताछ की।
इस बीच, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और द्रमुक नेता उदयनिधि स्टालिन ने आरोपित विधायक की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच के लिए मामला सीबीआइ को सौंपने की मांग की।
उन्होंने गुरुवार को तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन भी सौंपा। स्टालिन ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सरकार आरोपित विधायक को बचाने का प्रयास कर रही है और मामले में अब तक कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने मुख्य सचिव पर भी पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया। स्टालिन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उचित कार्रवाई नहीं की, तो द्रमुक इस मुद्दे को जनता के बीच उठाएगी।
द्रमुक विधायक के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया मामला
वहीं, तमिलनाडु में रिशिवंदियम से द्रमुक विधायक वसंतम के. कार्तिकेयन के खिलाफ एक वरिष्ठ महिला अधिकारी को कथित रूप से धमकाने और उत्पीड़न के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
मामला तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम सहित चार धाराओं में दर्ज हुआ है। शिकायतकर्ता तमिलनाडु राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी अधिकारी हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।






























