Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश युवाओं को कट्टरपंथी बनाने के आरोप में कर्नाटक के एक व्यक्ति पर...

युवाओं को कट्टरपंथी बनाने के आरोप में कर्नाटक के एक व्यक्ति पर NIA का शिकंजा, शुरू की जांच

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने कर्नाटक के एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपित आइएसआइएस और अन्य आतंकी संगठनों से प्रभावित था और उकसाने वाली इंटरनेट मीडिया सामग्री के जरिये स्थानीय मुस्लिम युवाओं को कट्टरपंथी बनाने में अहम भूमिका निभा रहा था।

अधिकारियों के अनुसार, आतंकवाद-रोधी एजेंसी ने हाल ही में इस मामले की जांच अपने हाथ में ली है। कर्नाटक पुलिस ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर भद्रावती ओल्ड टाउन पुलिस थाने में आरोपित मोहम्मद गौस उर्फ निहाल के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

अधिकारियों ने एनआइए की एफआईआर का हवाला देते हुए कहा कि भद्रावती शहर की अनवर कालोनी का निवासी निहाल कथित तौर पर प्रतिबंधित इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) और अन्य आतंकी संगठनों से प्रभावित था। वह उकसाने वाली इंटरनेट मीडिया सामग्री के जरिये स्थानीय मुस्लिम युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित करने में शामिल था।

उन्होंने कहा कि आरोपित पर बम बनाना भी सीख रहा था और सार्वजनिक स्थानों पर विस्फोट करने की साजिश रच रहा था। केंद्र सरकार के निर्देश के बाद एनआइए ने मामला दर्ज किया।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अपने आदेश में कहा कि अपराध की गंभीरता, इसके गंभीर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रभाव तथा व्यापक साजिश का पता लगाने की जरूरत को देखते हुए मामले की जांच एनआइए से कराया जाना आवश्यक था।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)