Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home क्राइम प्रदर्शन रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दीपके को थमाया नोटिस 

प्रदर्शन रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दीपके को थमाया नोटिस 

नई दिल्ली। दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ रैली से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को दिल्ली पुलिस झंडेवालान स्थित उस बंगले पर पहुंची, जहां पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ठहरे हुए हैं। पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन नहीं करने को लेकर नोटिस दिया। इस दौरान दीपके और पुलिसकर्मियों के बीच बहस भी हुई।

अभिजीत दीपके ने पुलिस से कहा कि उनकी पार्टी का उद्देश्य कोई रैली या विरोध प्रदर्शन करना नहीं है, बल्कि कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में जाकर तिरंगा फहराना है। उन्होंने सवाल उठाया कि तिरंगा लेकर जाना आखिर कानून के खिलाफ कैसे हो सकता है। वहीं, दीपके को हिरासत में लिए जाने की आशंका भी जताई जा रही है।

गिरफ्तारी की आशंका पहले ही जता चुके हैं दीपके
इससे पहले गुरुवार रात प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अभिजीत दीपके ने अपनी गिरफ्तारी की आशंका व्यक्त की थी। CJP ने शुक्रवार शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और आशुतोष रांका व सौरव दास को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के विरोध में अपनी आवाज उठाने की तैयारी में है।

कनॉट प्लेस में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। जानकारी के अनुसार, करीब 6 हजार पुलिसकर्मियों और CAPF के 22 हजार जवानों की तैनाती की गई है। संबंधित इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 भी लागू है।

इसके अलावा, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को आम लोगों के लिए बंद रखने का फैसला किया है। हालांकि, परिषद की ओर से पार्क बंद रखने की स्पष्ट वजह नहीं बताई गई है। पुलिस कार्रवाई पर दीपके ने जताई नाराजगी

पुलिस से बातचीत के दौरान अभिजीत दीपके ने कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस बच्चों के साथ सख्ती करती है, जबकि उनके मुताबिक, डंडे लेकर आने वाले लोगों के खिलाफ वैसी कार्रवाई नहीं होती। दीपके ने पुलिस की मौजूदगी पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे अंग्रेजों के दौर की पुलिस उनके घर पहुंच गई हो। फिलहाल, प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त है और पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है।

Follow @mntnewsbharat