Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या पूर्व जज होंगे परिसीमन आयोग के अध्यक्ष,...

सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या पूर्व जज होंगे परिसीमन आयोग के अध्यक्ष, हेरफेर की गुंजाइश नहीं

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। परिसीमन को लेकर विपक्ष की ओर से निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में राजनीतिक फायदे के लिए हेरफेर (जेरीमेंडरिंग) किए जाने की आशंकाओं को सरकार ने खारिज किया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों पर जवाब देते हुए सूत्रों ने कहा कि परिसीमन की पूरी प्रक्रिया विस्तृत, पारदर्शी और संवैधानिक प्रविधानों के अनुरूप होगी।

इसमें मनमाने ढंग से निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने की कोई गुंजाइश नहीं होगी। उनका कहना है कि प्रस्तावित परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 की धारा 3 में परिसीमन आयोग के गठन का प्रविधान है। इसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के किसी मौजूदा या सेवानिवृत्त न्यायाधीश को सौंपी जाएगी, जिन्हें केंद्र सरकार नियुक्त करेगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त या उनके द्वारा नामित चुनाव आयुक्त आयोग के पदेन सदस्य होंगे। सूत्रों ने स्पष्ट किया कि आयोग की अध्यक्षता मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं करेंगे, जैसा कि विपक्ष की ओर से आशंका जताई जा रही है।

तीन सदस्यीय आयोग को हर राज्य से 10 सहयोगी सदस्य मिलेंगे, जिनमें उस राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले पांच लोकसभा सांसद और संबंधित राज्य विधानसभा के पांच सदस्य शामिल होंगे। संबंधित राज्यों के राज्य चुनाव आयुक्त भी इसमें शामिल रहेंगे।

लोकसभा अध्यक्ष की ओर से नामित पांच सांसद और विधानसभा अध्यक्षों की ओर से नामित पांच विधायक सहयोगी सदस्यों के रूप में आयोग का हिस्सा होंगे। परिसीमन की प्रक्रिया को पूरा होने में करीब ढाई साल लग सकते हैं।

सोमवार को लोकसभा में परिसीमन विधेयक पेश किए जाने की तैयारी के बीच सरकारी सूत्रों ने कहा कि निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से निर्धारण तय नियमों और कानूनी प्रक्रियाओं के तहत होगा। इसमें व्यापक विचार-विमर्श के साथ जनता की राय जानने के लिए विस्तृत सुनवाई भी की जाएगी।

सहयोगी सदस्य आयोग की केवल सहायता करेंगे। उनके पास वोट देने या आयोग के फैसलों पर हस्ताक्षर करने का अधिकार नहीं होगा। सूत्रों ने राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्होंने असम के भौगोलिक नक्शे को गलत तरीके से पेश कर परिसीमन में हेरफेर की आशंका जताई है।

उनका कहना है कि असम की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचने की चुनौतियों को भी निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करते समय ध्यान में रखा जाता है।

एससी-एसटी के लिए आरक्षित सीटों की संख्या बढ़ेगीसूत्रों ने उन आशंकाओं को भी खारिज किया है कि परिसीमन से लोकसभा और विधानसभा में अनुसूचित जाति (एससी) तथा अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित सीटें घट सकती हैं।

उनका कहना है कि सीटों की कुल संख्या में प्रस्तावित 50 प्रतिशत वृद्धि के साथ इन समुदायों के लिए आरक्षित सीटों की संख्या भी बढ़ेगी। प्रस्तावित व्यवस्था में एससी और एसटी महिलाओं को भी आनुपातिक प्रतिनिधित्व मिलेगा। इससे आरक्षण के विस्तार का लाभ इन समुदायों की महिलाओं तक भी पहुंचेगा।