Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश नस्ली टिप्पणी मामला: कंटेंट क्रिएटर अमीर शोकीन की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट...

नस्ली टिप्पणी मामला: कंटेंट क्रिएटर अमीर शोकीन की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सोमवार को करेगा सुनवाई

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कंटेंट क्रिएटर अमीर शोकीन की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सोमवार को सुनवाई करेगा। त्रिपुरा के एक युवक के खिलाफ कथित नस्ली टिप्पणी से जुड़े मामले में शोकीन ने त्रिपुरा में दर्ज प्राथमिकी को दिल्ली में दर्ज प्राथमिकी के साथ जोड़ने और मामले को एक जगह स्थानांतरित करने की मांग की है।

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जायमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ याचिका पर सुनवाई करेगी। यह मामला इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो से जुड़ा है। आरोप है कि इस वीडियो में शोकीन ने त्रिपुरा के युवक के खिलाफ नस्ली टिप्पणी की थी। दिल्ली पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेने के बाद शोकीन को गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तारी के बाद दिल्ली की एक अदालत ने 24 अक्टूबर को शोकीन को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था। इसके बाद से अदालत समय-समय पर उसकी हिरासत बढ़ाती रही। 10 नवंबर को त्रिपुरा पुलिस शोकीन को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर गई और स्थानीय अदालत में पेश किया।

स्पेशल पुलिस यूनिट फार नार्थ ईस्टर्न रीजन (एसपीयूएनईआर) से मिली सूचना के बाद दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक आपरेशंस (आइएफएसओ) यूनिट मामले की जांच कर रही है।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)