
बलरामपुर के रेहरा विकास खंड क्षेत्र के अलाउद्दीनपुर गांव में सफाई व्यवस्था बदहाल है। गांव की कई नालियां लंबे समय से साफ न होने के कारण गंदे पानी, कीचड़ और कचरे से बजबजा रही हैं। इससे पानी का निकास बाधित हो गया है और आसपास के इलाकों में दुर्गंध फैल रही है। ग्रामीणों ने बताया कि नालियों की नियमित सफाई न होने से उनमें भारी मात्रा में कचरा जमा हो गया है। कई स्थानों पर नालियां चोक हैं, जिससे गंदा पानी जमा रहता है। इस स्थिति के कारण आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो गई है, क्योंकि नालियों का गंदा पानी गलियों और रास्तों पर फैल रहा है। जमा गंदगी से उठ रही दुर्गंध के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। वहीं, गंदे पानी और कचरे के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीण हीरालाल, रवि, गुरुप्रसाद, शहजाद और अशफाक ने संबंधित अधिकारियों से गांव में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर नालियों की सफाई और कचरे का निस्तारण कराया जाए। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों से जल्द विशेष सफाई अभियान चलाकर बजबजाती नालियों की सफाई कराने तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में हालात और खराब हो सकते हैं।
Home लेटेस्ट न्यूज़ बलरामपुर के अलाउद्दीनपुर में नालियां बजबजा रहीं, सफाई व्यवस्था बदहाल:ग्रामीण परेशान, संक्रामक...



























