BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home राष्ट्रीय समाचार ‘चूड़ी पहनो और औकात में रहो’, रायबरेली में सपा जिलाध्यक्ष और कोतवाल...

‘चूड़ी पहनो और औकात में रहो’, रायबरेली में सपा जिलाध्यक्ष और कोतवाल आमने-सामने, जमकर हंगामा

रायबरेली में सदस्यता अभियान को लेकर शुरू हुआ विवाद उस वक्त बेहद गरमा गया, जब समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव और शहर कोतवाली प्रभारी आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच जमकर तीखी बहस हुई। इसी दौरान कोतवाल की ओर से सपा जिलाध्यक्ष को कथित तौर पर ‘चूड़ी पहनो और घर पर बैठो’ तथा ‘औकात में रहकर बात करो’ जैसी बातें कहे जाने का वीडियो सामने आया है। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा।

ये है मामला

दरअसल, रायबरेली में समाजवादी छात्र सभा और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं के बीच सदस्यता अभियान को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। मामला बढ़ने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालने का प्रयास किया।

इसी दौरान सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव और शहर कोतवाली प्रभारी के बीच भी बातचीत के दौरान विवाद हो गया। सामने आए वीडियो में दोनों के बीच तीखी नोकझोंक होती दिखाई दे रही है। पुलिस अधिकारी जिलाध्यक्ष से बातचीत में सीमा में रहने की बात कहते नजर आ रहे हैं। इस पर वीरेंद्र यादव ने भी जवाब दिया, जिसके बाद बहस और तेज हो गई।

वायरल वीडियो में कोतवाल की ओर से जिलाध्यक्ष को ‘चूड़ी पहनो’ और ‘औकात में रहकर बात करो’ जैसी टिप्पणी करते हुए सुना जा सकता है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

जमकर हुआ धरना

घटना के बाद ABVP कार्यकर्ताओं ने कॉलेज गेट और सड़क पर धरना शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर सीओ आशीष निगम, सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार और एसडीएम सदर गौतम सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति सामान्य कराने का प्रयास किया। सदस्यता अभियान से शुरू हुआ विवाद पुलिस और सपा जिलाध्यक्ष के बीच हुई तीखी नोकझोंक के बाद इलाके में चर्चा का विषय बन गया।