UP: रायबरेली मैनूपुर रोड (रायबरेली-अयोध्या मार्ग) की जर्जर स्थिति को लेकर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द सड़क निर्माण की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने जिला प्रशासन पर जनहित की उपेक्षा का आरोप लगाया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने बताया कि मैनूपुर रोड (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड कार्यालय मंचितपुर से डिघिया रोड तक) का मार्ग बीते कई सालों से अत्यंत खराब स्थिति में है।
उन्होंने बताया कि सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इसके कारण क्षेत्र के दर्जनों गांवों और मजरों के लोगों का जीना मुहाल हो गया है। स्थिति इतनी गंभीर है कि बीमारों, घायलों और गर्भवती महिलाओं को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा। एंबुलेंस चालक सड़क खराब होने का हवाला देकर गांव के भीतर आने से मना कर देते हैं और मरीजों को मुख्य मार्ग तक पैदल या अन्य माध्यमों से लाने को कहते हैं। इससे कई बार मरीजों की जान पर बन आती है। इसके अलावा, खराब सड़क की वजह से स्कूल वाहन भी बच्चों को लेने गांव तक नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और अभिभावक मानसिक तनाव झेलने को मजबूर हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने याद दिलाया कि लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण न होने पर मतदान बहिष्कार का ऐलान किया था। उस समय तत्कालीन जिलाधिकारी श्रीमती हर्षिता माथुर ने आचार संहिता खत्म होने के बाद सड़क बनवाने का लिखित आश्वासन दिया था। इसके बावजूद जिला पंचायत रायबरेली द्वारा न तो सड़क का निर्माण कराया गया और न ही इस मार्ग का स्वामित्व किसी सक्षम विभाग को हस्तांतरित किया गया।
कांग्रेस प्रवक्ता महताब आलम ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए कई बार लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जताया गया और पत्र लिखे गए, लेकिन परिणाम शून्य रहा। इससे सरकार की जनसमस्याओं के प्रति उदासीनता साफ दिखाई देती है। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, ब्लॉक अध्यक्ष, न्याय पंचायत अध्यक्ष, ग्राम सभा अध्यक्षों सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
The post UP: रायबरेली में जर्जर सड़क को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, DM को सौंपा ज्ञापन appeared first on Breaking Tube.




















