UP: सहारनपुर के जनपद में इंजीनियर दिवस कार्यक्रम के दौरान लोक निर्माण विभाग की महिला जूनियर इंजीनियर (जेई) से कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है। महिला जेई तनु राजपूत ने लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड सहारनपुर में तैनात जेई अनुज भारद्वाज पर नशे की हालत में उनके साथ अभद्र व्यवहार करने, जबरन शराब पिलाने की कोशिश, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। महिला की तहरीर पर जनकपुरी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
महिला जेई के मुताबिक, 15 सितंबर को देहरादून चौक स्थित संघ भवन में डिप्लोमा इंजीनियर संघ की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया था। वह भी कार्यक्रम में शामिल थीं। आरोप है कि इसी दौरान अनुज भारद्वाज नशे की हालत में उनके पास पहुंचे। तहरीर के अनुसार, उनके हाथ में करीब 200 ग्राम की एक बोतल थी, जिसमें शराब भरी हुई थी। आरोप है कि उन्होंने महिला जेई की गर्दन पकड़कर बोतल उनके मुंह पर लगा दी और जबरन शराब पिलाने की कोशिश की। महिला जेई ने बताया कि अचानक हुई इस घटना से वह घबरा गईं। उन्होंने घटना को शारीरिक बल प्रयोग बताते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में महिला जेई गरिमा गुप्ता, सचिन पंवार समेत अन्य लोगों को घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया गया है।
ALSO READ: Bahraich: संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, परिजनों ने दहेज हत्या का लगाया आरोप
महिला जेई ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी पहले भी उनके साथ इस तरह का व्यवहार कर चुके हैं और घटना के बाद उन्हें धमकी भी दी गई। उन्होंने खुद को असुरक्षित महसूस करने की बात कही है। 18 सितंबर को दी गई तहरीर के आधार पर जनकपुरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
The post UP: सहारनपुर में महिला जेई से छेड़छाड़ और जबरन शराब पिलाने की कोशिश का आरोप, मुकदमा दर्ज appeared first on Breaking Tube.




















