
बलरामपुर के गैसड़ी विकासखंड स्थित नेवलगढ़ ग्राम पंचायत को जोड़ने वाले जंगल मार्ग पर घनी झाड़ियों के कारण ग्रामीणों और राहगीरों में दहशत का माहौल है। सड़क के दोनों ओर उगी इन झाड़ियों में अक्सर तेंदुआ छिपा रहता है, जिसे कई बार राहगीरों ने देखा है। जुगनभरिया से नेवलगढ़ तक लगभग एक किलोमीटर लंबा यह संपर्क मार्ग घने जंगल से होकर गुजरता है। सड़क के किनारों पर झाड़ियां इतनी बढ़ गई हैं कि राहगीरों को आसपास की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई नहीं देतीं। ग्रामीणों का कहना है कि इन झाड़ियों की आड़ से वन्यजीव अचानक सड़क पर आ सकते हैं, जिससे किसी भी समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। पूर्व प्रधान रामबचन थारू ने बताया कि इस मार्ग से ग्रामीणों का प्रतिदिन आवागमन होता है। तेंदुए की मौजूदगी के कारण, विशेषकर सुबह और शाम के समय, लोगों में भय बना रहता है। उन्होंने कहा कि यदि सड़क किनारे की झाड़ियों को समय पर साफ करा दिया जाए तो आवागमन सुगम होगा और वन्यजीवों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा सकेगी। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से जुगनभरिया-नेवलगढ़ मार्ग के दोनों ओर उगी झाड़ियों की प्राथमिकता के आधार पर सफाई कराने की मांग की है, ताकि राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही, उन्होंने तेंदुए की गतिविधियों की निगरानी के लिए वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की भी अपील की है। ग्राम प्रधान घनश्याम यादव, महाराणा प्रताप जनजातीय सेवा संस्थान के अध्यक्ष मदन लाल जायसवाल, दिलीप चौधरी, कृष्ण कुमार थारू, राधेश्याम थारू, विनती राम थारू, कमलेश थारू, बजरंग थारू, विजय चौधरी और सत्य प्रकाश थारू सहित अन्य ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि वन विभाग जल्द ही मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करेगा। इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी अमरजीत प्रसाद ने बताया कि उन्हें सूचना मिल गई है और जल्द ही सड़क किनारे की झाड़ियों को साफ कराया जाएगा।




























