जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी कांग्रेस (संसद) का नियंत्रण खो भी देती है, तो राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की नीतियां तय करने और उन्हें लागू करने की ताकत पर तुरंत असर पड़ने की संभावना कम है। इसकी बड़ी वजह कार्यकारी आदेशों पर उनकी बढ़ती निर्भरता और मौजूदा कांग्रेस के कार्यकाल के आखिरी सत्र में विधेयक पारित कराने की संभावनाएं हैं।
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होने के बीच मध्यावधि चुनाव उनके लिए बड़ी राजनीतिक परीक्षा हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी के दोनों सदनों में बहुमत हासिल करने की संभावना ने उनके बाकी दो वर्षों के एजेंडे पर सवाल खड़े किए हैं।
एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज की इकाई एमके रिसर्च के अनुसार, डेमोक्रेट दोनों सदनों पर कब्जा कर लेते हैं तो रिपब्लिकन का ‘ट्राइफेक्टा’ यानी राष्ट्रपति पद और कांग्रेस के दोनों सदनों पर नियंत्रण खत्म हो जाएगा। इससे ट्रंप ‘लेम-डक’ राष्ट्रपति की स्थिति में पहुंच सकते हैं।
कार्यकारी आदेशों से बढ़ाई ताकत
ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल में नीतियों को लागू करने के लिए कार्यकारी आदेशों, टैरिफ, आपातकालीन शक्तियों और नियामकीय बदलावों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया है। अब तक वह 292 कार्यकारी आदेश जारी कर चुके हैं। यह संख्या 1981 के बाद किसी भी राष्ट्रपति के पूरे चार साल के कार्यकाल में जारी आदेशों से अधिक है। उनके पहले कार्यकाल में भी 220 कार्यकारी आदेश जारी हुए थे।
जनवरी तक विधायी बढ़त का मौका
रिपब्लिकन के पास नवंबर 2026 से जनवरी 2027 तक मौजूदा कांग्रेस के कार्यकाल का आखिरी सत्र होगा। इसे ‘लेम-डक’ सत्र कहा जाता है। इस दौरान नई कांग्रेस के कार्यभार संभालने से पहले मौजूदा सदस्य काम करते हैं।
एमके रिसर्च के मुताबिक, ऐसे सत्रों में कानून पारित होने का अनुपात 2003-05 के 16.9 प्रतिशत से बढ़कर 2023-25 में 61.3 प्रतिशत हो गया है। इसलिए ट्रंप प्रशासन के पास मौजूदा बहुमत का इस्तेमाल कर अपने एजेंडे से जुड़े विधेयक आगे बढ़ाने का अवसर रहेगा। साफ है कि कांग्रेस का नियंत्रण बदलने से ट्रंप की राजनीतिक मुश्किलें बढ़ सकती हैं, लेकिन उनके हाथ से नीतियां लागू करने के सभी रास्ते तुरंत नहीं छिनेंगे।
सबसे ज्यादा कार्यकारी आदेश ट्रंप ने पारित किए
राष्ट्रपति कार्यकाल कार्यकारी आदेश
- रीगन पहला- 213
- रीगन दूसरा- 168
- बुश सीनियर – 166
- क्लिंटन पहला- 200
- क्लिंटन दूसरा- 164
- बुश जूनियर पहला- 173
- बुश जूनियर दूसरा- 118
- ओबामा पहला- 147
- ओबामा दूसरा- 129
- ट्रंप पहला- 220
- बाइडेन – 162
- ट्रंप दूसरा- 292
(स्रोत- अमेरिकन प्रेसिडेंसी, ऐमके रिसर्च)
