श्रावस्ती जनपद में भिनगा-लक्ष्मनपुर मार्ग पर सोमवार दोपहर अज्ञात बोलेरो वाहन की चपेट में आने से घायल हुए युवक की बहराइच मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मंगलवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। युवक की मौत से पूरे गांव में शोक छा गया। मृतक अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को छोड़ गया है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली भिनगा क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुर देवमन के मजरा दत्त नगर निवासी बड़कऊ वर्मा (35) पुत्र गजाधर प्रसाद बाराबंकी जिले के देवा बाजार से भैंस खरीदने गए थे और वहीं से घर लौट रहे थे। सोमवार दोपहर करीब दो बजे भिनगा-लक्ष्मनपुर मार्ग पर बौरिहवा गांव के पास पिकअप से उतरते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रही अज्ञात बोलेरो उनके ऊपर चढ़ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक बोलेरो समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल भिनगा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर बहराइच पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार शाम पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही बड़कऊ वर्मा का शव गांव पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है। युवक की मौत से तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।
बोलेरो की टक्कर से घायल युवक की मौत:श्रावस्ती में हादसे के बाद चालक फरार, पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा
और पढ़ें
›
श्रावस्ती के किशन लाल ने जीता कांस्य पदक:हर्षित कुमार ने 21 और 3 किमी दौड़ में पहला स्थान पाया; दोनों का राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन
›
महराजगंज में 5 नवंबर को रोजगार मेला लगेगा:18 कंपनियां 2,001 अभ्यर्थियों का चयन करेंगी; पंजीकरण और चयन प्रक्रिया निशुल्क
›
पोखरनी चौराहे पर दो मोटरसाइकिलें टकराईं:चार लोग गंभीर रूप से घायल, अस्पताल भेजे गए
