एक ही दिन में मुकेश अंबानी ने कमाए 6.3 अरब डॉलर, गौतम अदाणी को पछाड़ फिर बने भारत के सबसे अमीर इंसान

0
0

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की संपत्ति में एक ही दिन में 6.3 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। ऐसा उनकी मुख्य कंपनी (रिलायंस इंडस्ट्रीज) के शेयरों में आई भारी तेजी के चलते हुआ है।

दो नवंबर को जारी फोर्ब्स की ‘रियल-टाइम बिलियनेयर्स’ सूची के अनुसार इस तरह वे दुनिया में सबसे ज्यादा तेजी से संपत्ति बढ़ाने वाले अरबपति बन गए हैं। संपत्ति में हुई इस वृद्धि के साथ अंबानी दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में 23वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

सूची के मुताबिक वे अब सबसे अमीर भारतीय बन गए हैं। उनकी कुल संपत्ति 88.8 अरब डालर है। जबकि गौतम अदाणी 79.12 अरब डालर की संपत्ति के साथ दुनिया में 26वें नंबर पर हैं।

मुकेश अंबानी की संपत्ति में वृद्धि सूची में दूसरी स्थान पर रहने वाले अरबपति से काफी ज्यादा है। एक दिन में स्पेन के खुदरा कारोबारी अरबपति अमान्सियो ओर्टेगा की संपत्ति में 1.7 अरब डॉलर और चीन के झोंग शानशान की संपत्ति में 1.5 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। अंबानी की संपत्ति में यह भारी उछाल रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में आई तेजी से हुआ।

सोमवार को कंपनी के शेयरों में 11.6 प्रतिशत की तेजी आई, जो पिछले छह वर्षों से भी अधिक समय में उसका मजबूत ट्रेडिंग सत्र रहा। शेयर दिन के अपने उच्चतम स्तर 1299 पर बंद हुआ। निफ्टी 50 इंडेक्स में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वाला स्टॉक रहा। कंपनी का बाजार मूल्यांकन 1,83,298.24 करोड़ रुपये बढ़कर 17,57,876.78 करोड़ रुपये हो गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here