
हरैया सतघरवा ब्लॉक की ग्राम पंचायत बनघुसरी के मजरे इटैहिया में पहाड़ी नाला हेंगहा का पानी गांव में घुस गया है। इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पहाड़ों पर हुई बारिश के कारण नाले का जलस्तर बढ़ गया, जिससे गांव के मुख्य मार्ग, गलियां और विद्यालय परिसर जलमग्न हो गए। इसके चलते लोगों का आवागमन बाधित हो रहा है। खासकर विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि नाले की सफाई अधूरी रहने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। उनका कहना है कि हर बारिश में गांव में जलभराव की स्थिति बन जाती है। शेष राम, नान बच्चा, माधव राम, राम निकुन, छोटकऊ खान, रामकुमार वर्मा, सिपाही लाल, झाली गौतम, नन्ननु गौतम और घुरहू गौतम सहित अन्य ग्रामीणों ने नाले की प्रभावी सफाई और स्थायी समाधान की मांग की है। इस संबंध में उप जिलाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि बीते दिनों जिलाधिकारी के साथ नाले का निरीक्षण किया गया था। जेसीबी मशीन की मदद से नाले की खुदाई भी कराई गई थी। उन्होंने आश्वस्त किया कि बारिश के बाद पुल निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
Home लेटेस्ट न्यूज़ इटैहिया गांव में घुसा हेगहा पहाड़ी नाले का पानी:जनजीवन प्रभावित, ग्रामीणों ने...





























