दीपावली का ‘खास’ तोहफा: मिठाई के बहाने चौकी पर बुलवाकर पुलिस ने किया मानसिक प्रताड़ित

0
4

रिपोर्ट:ब्यूरो कार्यालय।

महराजगंज:दीपावली का पावन पर्व, जब पूरा देश और समाज रोशनी के दीप जलाने, मिठाइयां बांटने और आपसी प्रेम का संदेश देने में व्यस्त था, वहीं सिंदुरिया थाने के अंतर्गत आने वाली चिउटहां चौकी पर पुलिस महकमा कुछ अलग ही ‘पटाखे’ फोड़ने में व्यस्त था। पर्व के दिन मिठाई लेकर चौकी पहुंचे एक जिला पंचायत सदस्य के पुत्र को थानेदार और चौकी इंचार्ज ने मिलकर ऐसा ‘रोशन’ किया कि महराजगंज की राजनीति और पुलिसिया कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है।


मिठाई का डब्बा बना ‘वारंट’, और चौकी बन गई दरबार।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरवां कला निवासी और जिला पंचायत सदस्य शंकराचार्य पटेल के पुत्र अंकित पटेल ने कुछ दिन पूर्व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट साझा किया था। अंकित के अनुसार, इस पोस्ट को हटाने के लिए पुलिस की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा था।हद तो तब हो गई जब दीपावली के दिन अंकित को फोन कर पुलिस ने “मिठाई लेकर चौकी आने” का न्योता दिया। पुलिस के सम्मान में अंकित अपना परिवार और त्योहार छोड़कर स्वेच्छा से मिठाई का डिब्बा लेकर चिउटहां चौकी पहुंच गए। लेकिन वहां पहुंचते ही उन्हें समझ आ गया कि यह आमंत्रण मिठाई खाने के लिए नहीं, बल्कि किसी अदृश्य दबाव के तहत उन्हें जलील करने के लिए था।
सीमाएं भूली खाकी, दूसरे थाने के थानाध्यक्ष ने संभाला मोर्चा।
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे दिलचस्प और हैरान करने वाला पहलू यह रहा कि चिउटहां चौकी सिंदुरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है, लेकिन वहां डेरा जमाए बैठे थे कोठीभार थाना क्षेत्र के थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा। अब सवाल यह उठता है कि आखिर कोठीभार थानाध्यक्ष का अपने क्षेत्र से दूर, एक संवेदनशील पर्व के दिन किसी दूसरे थाने की चौकी पर क्या काम था? क्या अंकित पटेल कोई ऐसे दुर्दांत अपराधी थे, जिन्हें काबू करने के लिए दो-दो थानों के थानाध्यक्षों को अपनी ड्यूटी छोड़कर चौकी पर बैठना पड़ा?
सूत्रों की मानें तो यह सारा खेल किसी स्थानीय विधायक के इशारे पर खेला जा रहा था, ताकि साहब की अनुकंपा से भविष्य में ठूठीबारी क्षेत्र की कमान मिल सके। यानी ‘सेवा, सुरक्षा और सुशासन’ के दावों के बीच खाकी ने साबित कर दिया कि सत्ता की नजदीकी हो, तो क्षेत्राधिकार की सीमाएं स्वतः ही बेमानी हो जाती हैं।
‘औकात’ की बात और मानसिक प्रताड़ना।
चौकी पर पहुंचते ही अंकित पटेल पर फेसबुक पोस्ट हटाने का दबाव फिर से शुरू कर दिया गया। आरोप है कि इसी दौरान सिंदुरिया थानाध्यक्ष अनूप कुमार तिवारी भी वहां पहुंच गए और उन्होंने दबाव बनाते हुए सारी हदें पार कर दीं—गाली-गलौज और ‘औकात’ की भाषा का खुलकर प्रयोग किया गया।
दीपावली के दिन एक नागरिक को इस तरह मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया कि वह न्याय की गुहार लगाते हुए फफक कर रो पड़ा। जिस पर्व पर लोगों के चेहरों पर मुस्कान लानी चाहिए थी, उसी दिन खाकी ने एक युवा को आंसुओं का तोहफा दे दिया।
सुशासन पर बड़ा सवाल।
क्या यही वह ‘सुशासन’ है जिसके नाम पर सिंदुरिया क्षेत्र की जनता को सब्जबाग दिखाए जाते हैं? एक तरफ सरकार कानून के राज का दम भरती है, तो दूसरी तरफ थाने की चारदीवारी के भीतर राजनीतिक इशारों पर पुलिस का ऐसा तांडव आमजन के मन में कई गंभीर सवाल छोड़ जाता है। बहरहाल, सिंदुरिया की यह दीपावली खाकी की कार्यशैली और राजनैतिक हनक के बीच चर्चा का सबसे बड़ा विषय बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here