सिसवा नगरपालिका के चित्रगुप्त नगर वार्ड स्थित सब्जी मंडी में मंगलवार देर रात भक्ति, उल्लास और रचनात्मकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री श्री बालधन लक्ष्मी पूजा सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता एवं बच्चों के खेल कार्यक्रम में नन्हीं प्रतिभाओं ने अपनी कला और हुनर से सभी का मन मोह लिया। रंगों से सजी आकर्षक रंगोलियों ने भारतीय लोकसंस्कृति की सुंदरता को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। ज्ञान, कला और विद्या की अधिष्ठात्री मां सरस्वती की वंदना के साथ शुरू हुए आयोजन में नौ बच्चियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सभी ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक कौशल का परिचय देते हुए एक से बढ़कर एक मनमोहक रंगोलियां बनाईं। रंगों के सुंदर संयोजन और आकर्षक आकृतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतियोगिता में मोहिनी मद्धेशिया ने प्रथम, काजल जायसवाल ने द्वितीय तथा माही शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के सदस्य अमित अंजन एवं विशिष्ट अतिथि एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा ने विजेता प्रतिभागियों को मेडल और नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
अतिथियों ने कहा कि रंगोली भारत की प्राचीन एवं समृद्ध पारंपरिक लोककला है, जो हमारी संस्कृति, आस्था और रचनात्मक अभिव्यक्ति का प्रतीक है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ उनमें आत्मविश्वास, सृजनशीलता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति लगाव भी विकसित करते हैं।
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष प्रदीप मद्धेशिया, नंदू विश्वकर्मा, विजय जायसवाल, सूरज मद्धेशिया, आकाश गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे। देर रात तक चले इस आयोजन में उत्साह और उमंग का वातावरण बना रहा। रंगों की मनमोहक छटा के बीच नन्हीं प्रतिभाओं की मुस्कान ने मां लक्ष्मी की आराधना के इस उत्सव को यादगार बना दिया।
रंगोली प्रतियोगिता से खिला बच्चों की प्रतिभा का रंग:सिसवा में मां लक्ष्मी की आराधना के बीच रंगों से सजी भारतीय संस्कृति, बच्चियों ने बिखेरी प्रतिभा की अनूठी छटा
और पढ़ें
›
महदेइया गांव में पांच दिवसीय गणेश-लक्ष्मी पूजा शुरू:कलश यात्रा के बाद स्थापित की गईं प्रतिमाएं, कथावाचक कौशलेंद्र दास जी महाराज ने सुनाई कथा
›
भानपुर में करंट लगने से युवक की मौत:बोरा लेने गया था, पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए बस्ती भेजा
›
धार्मिक जलसे से लौट रहे बाइक सवार की मौत:श्रावस्ती में साथी सुरक्षित, चालक फरार
