मा० विधायक एवं अपर जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थियों को प्रदान किया चेक
जनपद के कुल 38 लाभार्थियों के खाते में धनराशि की गई हस्तानान्तरित
देश एवं प्रदेश सरकार किसानों के हित के लिए प्रतिबद्ध-मा0 विधायक
किसानों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने वाली योजना-अपर जिलाधिकारी
श्रावस्ती, 11 नवम्बर, 2026। सू0वि0। प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा लखनऊ से आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा राजस्व विभाग के लिए नवचयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए।इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के 4,300 लाभार्थी परिवारों को कुल 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी वितरित की। उक्त कार्यक्रम के तहत जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में मा0 विधायक रामफेरन पाण्डेय एवं अपर जिलाधिकारी ललित कुमार की उपस्थिति में वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मा0 विधायक एवं अपर जिलाधिकारी द्वारा लाभार्थियों को डेमो चेक देकर आर्थिक सहायता प्रदान की गई, जिसमें जनपद के कुल 38 दावों के लाभार्थियों को धनराशि उनके खाते में हस्तानान्तरित कर लाभान्वित किया गया। इस दौरान माननीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं लाभार्थियों द्वारा मा0 मुख्यमंत्री जी के वर्चुअल कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया तथा मा0 मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन को भी सुना।
इस अवसर पर मा0 विधायक ने कहा कि देश एवं प्रदेश सरकार किसानों के हित के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा किसानों के लिए अनेक योजनाओं का संचालन किया जा रहा है तथा पात्रता के आधार पर उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। जिसके तहत आज मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थियों को यह लाभ दिया गया है। जिससे निश्चित ही उन्हें मदद मिलेगी।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी ने बताया कि प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में जनपद के कुल 38 दावों के मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थियों को धनराशि वितरण किया गया है। जिसमें तहसील भिनगा के 20 दावे, इकौना के 09 एवं तहसील जमुनहा के 09 दावे सम्मिलित है। इसके अलावा अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से भी लगातार कृषक दृर्घटना बीमा योजना के लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाता रहा है। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना एक ऐसी दूरदर्शी योजना है जो किसानों और उनके परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। किसी भी दुर्घटना की स्थिति में, चाहे वह मृत्यु हो या स्थायी दिव्यांगता, यह योजना तत्काल राहत देती है।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी जमुनहा रवेंद्र कुमार, एल0आर0सी0 विश्वनाथ सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी तथा लाभार्थी किसानों के परिवारीजन उपस्थित रहे।
