तमिलनाडु: ग्रेनाइट कारोबारी समेत तीन पर नाबालिग के यौन शोषण के आरोप में चार्जशीट दाखिल

0
2

पीटीआई, चेन्नई। तमिलनाडु में 14 वर्षीय दलित लड़की के कथित यौन शोषण के मामले में विशेष जांच दल (एसआइटी) ने ग्रेनाइट कारोबारी आर. वीरमणि और उनके दो ड्राइवरों के खिलाफ 720 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, चार्जशीट में 40 गवाहों के नाम शामिल हैं। इसे 11 नवंबर को चेन्नई स्थित हाई कोर्ट परिसर में पाक्सो मामलों की विशेष अदालत में पेश किया गया। मामला दर्ज होने के महज 46 दिनों के भीतर जांच पूरी कर अंतिम रिपोर्ट दाखिल की गई।

मुख्य आरोपित वीरमणि पर नाबालिग लड़की के यौन शोषण का आरोप है। वहीं, उनके ड्राइवर पार्थिबन और बाबू पर अपराध की जानकारी होने के बावजूद लड़की को वीरमणि के आवास तक लाने और ले जाने का आरोप है।

डीजीपी ने 24 सितंबर को इस मामले और वीरमणि से जुड़े अन्य मामलों की जांच के लिए एसआईटी गठित की थी। इसके बाद पीड़ितों और उनकी माताओं की शिकायतों पर सात नए मामले दर्ज किए गए, जिनमें कुल नौ पीड़ित शामिल हैं।

तीनों आरोपितों के खिलाफ पाक्सो अधिनियम और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here