
बहराइच के नानपारा क्षेत्र के चंदेला कला गांव निवासी 26 वर्षीय राजन गिरी की शनिवार तड़के लखनऊ मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। राजन एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक छा गया। यह हादसा बुधवार रात करीब 10 बजे हुआ था। राजन गिरी अपनी बाइक से ससुराल जा रहे थे। रामगांव थाना क्षेत्र के किशुनपुर मीठा गांव के पास अचानक उनकी बाइक के सामने एक व्यक्ति आ गया। उसे बचाने की कोशिश में राजन अपनी बाइक से नियंत्रण खो बैठे और सड़क पर गिर गए। इस दुर्घटना में उनके नाक, कान और सिर में गंभीर चोटें आईं थीं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन स्थानीय लोगों की मदद से मौके पर पहुंचे। घायल राजन को एंबुलेंस से बहराइच मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। शनिवार सुबह करीब चार बजे इलाज के दौरान राजन ने दम तोड़ दिया। राजन अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी, दो मासूम बेटियां, माता-पिता और वृद्ध दादा-दादी हैं। उनकी एक बेटी की उम्र लगभग दो वर्ष है, जबकि दूसरी बेटी केवल दो माह की है। राजन की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। दो मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार में मातम पसरा है।



























