कप्तानगंज पुलिस ने सत्या पैथोलॉजी और लखनऊ के डायग्नोसिस सेंटर में चोरी के मामले में 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी हरिओम पांडेय उर्फ अभय पाण्डेय को गिरफ्तार किया है। उसके पास से लखनऊ के फर्स्ट स्कैन डायग्नोसिस सेंटर से चोरी हुआ कैनन कंपनी का प्रिंटर मिला है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर 13 नवंबर की रात करीब 12:30 बजे चौकी प्रभारी महाराजगंज अनिल त्रिपाठी की टीम ने हरिओम को गिरफ्तार किया। उसे छावनी थाना क्षेत्र के पूरे काशीराम स्थित उसके घर से पकड़ा गया।
23 सितंबर को कप्तानगंज की सत्या पैथोलॉजी से अल्ट्रासाउंड मशीनें और उपकरण चोरी हुए थे। इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपी विनय पांडेय पुत्र सिराजुद्दीन पांडेय, निवासी पूरे काशीराम समेत अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस ने पहले करीब 46 लाख रुपये की दो अल्ट्रासाउंड मशीनें और चोरी में इस्तेमाल वैगनआर कार भी बरामद की थीं। जांच में लखनऊ के डायग्नोसिस सेंटर में हुई चोरी के तार भी इसी गिरोह से जुड़े मिले थे।