
बलरामपुर के सादुल्लानगर स्थित बभनपुरवा, लक्ष्मणपुर, रामपुर ग्रंट निवासी रजनीश उपाध्याय ने नेट-जेआरएफ परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से गांव और आसपास के लोगों में खुशी का माहौल है। परिजनों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रजनीश उपाध्याय ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मणपुर से प्राप्त की थी। उन्होंने हाईस्कूल हाजी इस्माइल इंटर कॉलेज सादुल्लानगर से और इंटरमीडिएट रामदीन इंटर कॉलेज, प्रयागराज से पूरा किया। इसके बाद, उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक और परास्नातक की डिग्री हासिल की। वर्तमान में रजनीश दिल्ली विश्वविद्यालय में शोध छात्र के रूप में अध्ययनरत हैं। रजनीश के पिता लवकुश उपाध्याय एक कृषक हैं, जबकि उनकी माता निर्मला उपाध्याय गृहिणी हैं। उनके छोटे भाई मनीष उपाध्याय प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने रजनीश की इस उपलब्धि को उनकी कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम बताया है। ग्राम प्रधान अवधेश कुमार उपाध्याय ने रजनीश को बधाई दी। उन्होंने बताया कि इसी वर्ष ग्राम पंचायत से तीन छात्रों ने जेआरएफ परीक्षा उत्तीर्ण की है। यह पूरी ग्रामसभा के लिए गर्व का विषय है और इससे अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर अरविंद कुमार उपाध्याय, दुर्गा प्रसाद, रामनारायण तिवारी, आनंद बाबा, मनोज कुमार गुप्ता, कृष्ण मुरारी और अंकित उपाध्याय सहित कई अन्य लोगों ने रजनीश को शुभकामनाएं दीं।






























