Home क्राइम मणिपुर में प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

मणिपुर में प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

0
4

इंफाल। मणिपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इंफाल ईस्ट जिले में कार्रवाई करते हुए तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कोडीन फॉस्फेट युक्त कफ सिरप की 318 बोतलें, एक महिंद्रा एक्सयूवी और एक टीवीएस जुपिटर स्कूटी बरामद की है।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय की ओर से सोमवार को जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर रविवार को इंफाल ईस्ट जिला पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने निंगथेम पुखरी मापल इलाके में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान सागोलबंद टेरा खुराईजाम लेइराक निवासी जॉन लोंगजाम उर्फ मणि (41) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोको प्लस कंपनी की कोडीन फॉस्फेट 10 एमजी युक्त कफ सिरप की 158 बोतलें बरामद की गईं।

पुलिस के अनुसार, मणि से पूछताछ के आधार पर नओरेमथोंग खुलेम लेइकाई निवासी लोंगजाम वांगलेन (41) को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद वांगलेन से मिली जानकारी के आधार पर सिंगजामेई ओइनम थिंगेल निवासी निंगथौजम हेनचिंग (29) को पकड़ा गया। उसके कब्जे से इसी कंपनी की कोडीन फॉस्फेट 10 एमजी युक्त कफ सिरप की 160 बोतलें बरामद की गईं।

पुलिस ने बताया कि जब्त सामग्री में कुल 318 बोतल कफ सिरप के अलावा एक महिंद्रा एक्सयूवी और एक टीवीएस जुपिटर स्कूटी शामिल है। गिरफ्तार आरोपितों और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पोरोमपट पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है। राज्य सरकार और पुलिस की ओर से मणिपुर में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।

संबंधित खबरें