
श्रावस्ती जिले में पिछले तीन दिनों से हो रही तेज बारिश ने जनजीवन पर असर डाला है। जमुनहा तहसील के परसोहना ग्राम पंचायत के मनकौरा गांव में जलभराव से हालात खराब हो गए हैं। गांव की सड़कें और सरकारी प्राथमिक विद्यालय के चारों तरफ पानी भर गया है। छोटे बच्चे जान जोखिम में डालकर गंदे पानी से होकर स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं। ग्राम प्रधान भीम सिंह ने बताया कि लगातार बारिश से पूरे गांव में बाढ़ जैसे हालात हैं। उनका आरोप है कि कुछ लोगों ने पानी निकासी का पुराना रास्ता मिट्टी डालकर बंद कर दिया है। इसकी शिकायत तहसील प्रशासन, लेखपाल और बड़े अधिकारियों से की गई, लेकिन अभी तक कोई जांच नहीं हुई है। एक अभिभावक ने बताया कि स्कूल के आसपास घुटनों से ऊपर तक पानी भरा है। बच्चों को इसी पानी से होकर निकलना पड़ता है। पानी में गड्ढों और सांप-कीड़ों का खतरा बना रहता है। अभिभावकों को हर समय किसी अनहोनी की आशंका रहती है। एक किसान ने बताया कि पानी नहीं निकलने से गांव से सटे खेतों में पानी भर गया है। सैकड़ों बीघा धान की फसल खराब हुई है। किसानों ने कर्ज लेकर खेती की थी, जिससे फसल खराब होने से उन्हें बड़े आर्थिक नुकसान का डर है। स्कूल की शिक्षिका ने बताया कि विद्यालय परिसर के चारों तरफ पानी भरा होने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता है। शिक्षक भी पानी से होकर स्कूल पहुंच रहे हैं। जलभराव के कारण स्कूल में बच्चों की संख्या कम हुई है और पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। शिक्षिका ने प्रशासन से तुरंत पानी निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्कूल और गांव से पानी निकालने के साथ ही पानी निकासी के रास्ते को खुलवाने की मांग की है, ताकि बच्चों और किसानों को राहत मिल सके।
































