Home Uncategorized असम के डिब्रूगढ़ में OIL के टैंक फार्म में आग लगने के...

असम के डिब्रूगढ़ में OIL के टैंक फार्म में आग लगने के बाद धमाका, पांच कर्मचारी घायल और एक लापता

0
4

डिजिटल डेस्क, डिब्रूगढ़। असम के डिब्रूगढ़ जिले के तेंगाखत में शुक्रवार सुबह ऑयल इंडिया लिमिटेड के इंटरमीडिएट टैंक फार्म (ITF) में आग लगने और विस्फोट होने से कम से कम पांच कर्मचारी घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति लापता है।

यह घटना वहां तकनीकी काम के दौरान हुई। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, विस्फोट कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) के स्टोरेज सेक्शन में तब हुआ जब एक वाल्व को ऑपरेट किया जा रहा था।

‘तकनीकी काम के दौरान लगी आग’

स्पेक्ट्रॉन इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड के एरिया मैनेजर कमल फुकन ने बताया कि इस घटना में लगभग पांच कर्मचारी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए डिब्रूगढ़ के असम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (AMCH) में भर्ती कराया गया है।

फुकन ने कहा, “तकनीकी काम के दौरान आग लग गई, जिसमें लगभग पांच लोग घायल हो गए। उन्हें यहां असम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लाया गया है। मुझे किसी की मौत के बारे में कोई जानकारी नहीं है।”

बाद में एक बयान में फुकन ने बताया कि यह घटना मशीनों के रूटीन मेंटेनेंस के दौरान हुई, जिनकी सर्विसिंग हर महीने या हर तिमाही (तीन महीने में) की जाती थी। उन्होंने कहा, “आज एक नियमित काम चल रहा था, जो हमें करना ही होता है। वहां एक मशीन थी जिसकी सर्विसिंग हर महीने या हर तिमाही की जाती है। उसी दौरान यह हादसा हो गया। पांच लोग असम मेडिकल कॉलेज में हैं, एक व्यक्ति ऑयल मेडिकल कॉलेज में है और एक व्यक्ति अभी तक नहीं मिला है। हमारी विशेष टीम उसे खोजने के लिए काम कर रही है।”

घायल कर्मचारियों की पहचान मिलन नगर, डिब्रूगढ़ के रहने वाले तापस गोगोई (40) और तेंगाखत के रहने वाले शैलेन गोगोई (45), कुमुद गोगोई (38), गोलाप दत्ता (58) तथा इंद्र गोगोई (40) के रूप में हुई है। पांच घायल कर्मचारियों को AMCH में भर्ती कराया गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति को इलाज के लिए ऑयल इंडिया अस्पताल ले जाया गया।

लापता कर्मचारी की खोज

विस्फोट के बाद एक कर्मचारी लापता है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, धमाके की तीव्रता के कारण वह दूर जा गिरा था। उसे खोजने के प्रयास जारी हैं। बताया जा रहा है कि ये घायल कर्मचारी मुंबई की स्पेक्ट्रॉन इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड के हैं। इस कंपनी को ऑयल इंडिया लिमिटेड ने वहां काम करने के लिए नियुक्त किया था। आग और विस्फोट के सटीक कारणों और इससे प्रभावित लोगों की कुल संख्या की अभी तक आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here