राज्य ब्यूरो, कोलकाता। भाजपा ने बंगाल में अपना वोट शेयर बढ़ाकर 70 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा है। सोमवार को दीघा में एक पूजा उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि जनता का भरोसा जीतकर और चुनावी वादों को अपने कामकाज के जरिए पूरा करके पार्टी इस लक्ष्य को हासिल करेगी।
मालूम हो कि राज्य में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को 46 प्रतिशत वोट मिले थे। पूर्व मेदिनीपुर जिले में भाजपा की झोली में 56 प्रतिशत वोट आए थे और पार्टी ने वहां 16 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि बंगाल के लोग केवल पार्टी, झंडे या नाम में बदलाव नहीं चाहते, बल्कि पूरी व्यवस्था में परिवर्तन चाहते हैं। हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आदर्शों पर चलते हुए देश के 21 राज्यों में चल रही भाजपा सरकारों की तर्ज पर काम करेंगे।
औद्योगिक विकास पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रिलायंस राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश करेगा। 13 नवंबर के बाद उसकी परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा। जिंदल समूह के प्रतिनिधियों ने भी मुलाकात की है।
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार की ताजपुर बंदरगाह परियोजना को दिखावा बताते हुए आरोप लगाया कि इसके लिए आवश्यक जमीन ही उपलब्ध नहीं थी। उन्होंने कहा कि दादनपात्रबार में परियोजना पर काम शुरू हो गया है। वहां राज्य सरकार के पास बंद पड़ी नमक फैक्ट्री की 1,700 एकड़ जमीन उपलब्ध है।
