
महराजगंज नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 19 में स्थित श्री श्री दुर्गा मंदिर समिति चिऊरहा में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर मंदिर परिसर में अखंड हरिकीर्तन और प्रभु नाम सुमिरन का आयोजन हुआ, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। दिन भर चले भजन-कीर्तन और नाम संकीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। आधी रात को भगवान श्री कृष्ण के बाल रूप के प्रकट होते ही मंदिर परिसर ‘जय कन्हैया लाल की’ और ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा गया। इस आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों का खास योगदान रहा। कार्यक्रम में हरिश्चंद्र विश्वकर्मा, गोवर्धन गुप्ता, मनोज कुमार, संजय पांडेय, शेषमणि गुप्ता, राजेश गुप्ता, विनोद गुप्ता, सुनील कुमार, धर्मेंद्र गुप्ता, धनंजय पटेल और पप्पू पटेल सहित कई श्रद्धालु और समिति के कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी ने मिलकर भगवान श्री कृष्ण की आरती की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की।









































