
पयागपुर क्षेत्र में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। शाम होते ही मंदिर रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से जगमगा उठे। देर रात तक धार्मिक कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। पयागपुर के प्रमुख पंचायती मंदिर में जन्माष्टमी को लेकर विशेष सजावट की गई। मंदिर परिसर में भगवान शंकर की पर्वत श्रृंखला और राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां सजाई गईं। झांकियों को देखने के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। पयागपुर थाना परिसर में भी जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित हुआ। थाना अध्यक्ष दीपक सिंह ने कार्यक्रम में आए लोगों का स्वागत किया और आभार जताया। इस दौरान पुलिसकर्मी सामान्य वर्दी के बजाय पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में नजर आए। पुलिसकर्मियों का यह अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा। थाना परिसर में श्रद्धालुओं और मेहमानों के लिए भी व्यवस्थाएं की गई थीं। भूपगंज बाजार के त्रिदेव मंदिर, बस स्टैंड स्थित श्री सिद्ध बालाजी मंदिर समेत क्षेत्र के अन्य मंदिरों में भी विशेष कार्यक्रम हुए। भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालु देर तक भक्ति में लीन रहे। भजन गायक पप्पू शर्मा ने भजनों की प्रस्तुति दी। इस दौरान मंदिर परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजते रहे। कार्यक्रम में कुंज बिहारी शर्मा, मनोज अग्रवाल, संतोष गुप्ता, श्याम बिहारी अग्रवाल, श्याम बिहारी शर्मा, पुजारी प्रेम कुमार पाठक, संतोष शुक्ला और दादू शर्मा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिरों में घंटा-घड़ियाल बज उठे। श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाकर जन्मोत्सव मनाया। पूरे क्षेत्र में देर रात तक भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।
Home उत्तर प्रदेश पयागपुर में धूमधाम से मनाई जन्माष्टमी:मंदिरों में सजी झांकियां, थाने में पारंपरिक...









































