
बस्ती के कलवारी-टांडा पुल से गुरुवार को एक 18 साल के युवक ने सरयू नदी में छलांग लगा दी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कलवारी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू किया। देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया था। जानकारी के मुताबिक, युवक की पहचान दुबौलिया थाना क्षेत्र के सेमरा मुस्तहकम गांव निवासी विपिन यादव (18) के रूप में हुई है। वह मूलचंद यादव उर्फ मोल्हू का बेटा है। गुरुवार को विपिन अपने बुआ के बेटे शिवम के साथ कलवारी-टांडा पुल पर घूमने गया था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान विपिन ने अचानक पुल से सरयू नदी में छलांग लगा दी। घटना का प्रत्यक्षदर्शी उसका बुआ का बेटा शिवम था। शिवम ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत कलवारी पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में युवक की तलाश शुरू की। नदी के आसपास संभावित जगहों पर लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है। गोताखोर नदी की गहराई में भी युवक को ढूंढ रहे हैं। खबर लिखे जाने तक विपिन यादव का कोई पता नहीं चल पाया था। पुलिस और गोताखोरों की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



























