फरेंदा कस्बे के अंबेडकर चौराहे स्थित शिव मंदिर परिसर में गणेश चतुर्थी के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन किया गया। इस दौरान भगवान गणेश को प्रसाद चढ़ाने के लिए 1 क्विंटल 51 किलो का विशाल लड्डू तैयार किया गया। यह भक्तों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा और आरती की गई। इसके बाद विशाल लड्डू का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। प्रसाद लेने के लिए भक्तों की भीड़ जुटी रही। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजता रहा। कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख राम प्रकाश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। आयोजन को सफल बनाने में अरविंद जायसवाल, राहुल चौधरी सहित आयोजन समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं का योगदान रहा। गणेश चतुर्थी के इस विशेष आयोजन को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह देखने को मिला।




















