INDI गठबंधन का शक्ति प्रदर्शन: वोट चोरी के खिलाफ संग्राम को अब CEC से आगे पीएम मोदी-शाह तक ले जाने की तैयारी में विपक्ष

0
2

संजय मिश्र, नई दिल्ली। विपक्षी दलों ने रामलीला मैदान की रैली के साथ ही वोट चोरी के खिलाफ अपनी लड़ाई को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के मुद्दे से आगे बढ़ाते हुए अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृहमंत्री अमित शाह की राजनीतिक-कानूनी घेराबंदी करने का एलान कर दिया।

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने रैली में दो टूक कहा कि ज्ञानेश कुमार सीइसी पद से हटेंगे और ‘देशद्रोह’ के मामले में उन्हें जेल भेजा जाएगा। पीएम मोदी और अमित शाह पर बड़ा हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा ‘ज्ञानेश कुमार के बाद वोट चोरी मामले में इन दोनों को भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा और उन्हें यह नहीं सोचना चाहिए कि वे कानून से बच सकते हैं।’

एसआईआर के जरिए मतदाता सूची से वोटरों को हटाए जाने को देश की आत्मा प्रहार तथा नागरिकों की आवाज दबाने का गंभीर अपराध बताते हुए कहा कि देश को सही पटरी पर लाने का पहला कदम ज्ञानेश कुमार को हटाना है।

विपक्षी INDI गठबंधन की रामलीला मैदान में रविवार को वोट बचाओ, देश बचाओ रैली में जुटी भारी भीड़ का वोट चोरी के खिलाफ मजबूत संदेश देने के लिए आभार जताते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार को जो संदेश देना था वह लोगों ने दे दिया है। यह आवाज किसी एक पार्टी की नहीं बल्कि देश के युवाओं, किसानों और मजूदरों की साफ आवाज है कि हम लोकतंत्र को नष्ट नहीं होने देंगे चाहे आप खुद को जितना भी बड़ा समझें, संविधान से बड़े नहीं हो सकते।

विपक्षी गठबंधन के मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव, फारूख अब्दुल्ला जैसे तमाम शीर्षस्थ नेताओं की मंच पर मौजूदगी के बीच राहुल गांधी ने बंगाल का चुनाव लूटने की ममता की बात का समर्थन करते हुए दावा किया कि सालों से वोट चोरी हो रही है।

मध्यप्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़ महाराष्ट्र, कर्नाटक और 2024 के लोकसभा चुनाव सब में वोट चोरी हुई है। 2024 चुनाव के बाद 13.3 करोड़ वोटर मतदाता सूची से हटाए गए यानि 15 प्रतिशत वोटर बाहर किए गए। जबकि 2024 में एनडीए और विपक्ष के बीच केवल तीन प्रतिशत वोटों का फर्क था इसका मतलब है कि यह चोरी का चुनाव था और यह बात खुद चुनाव आयोग कह रहा है।

रैली के लिए खरगे के आवास से एक साथ निकले विपक्षी दिग्गजों के साथ राहुल गांधी ने कुछ किलोमीटर तक खुली जीप में सवार होकर सड़कों पर उमड़ी भारी भीड़ के साथ मार्च करते हुए रामलीला मैदान पहुंचे। सबसे आखिरी में बोलते हुए राहुल गांधी ने सीईसी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार का कृत्य कोई सामान्य चोरी नहीं कानून की भाषा में इसे ‘रेयरेस्ट ऑफ रेयर’ कहते हैं और यह देशद्रोह है।

ज्ञानेश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि वह अब डर से रात को सो नहीं पा रहे क्योंकि देश का गला घोंटा है और सच्चाई यह भी कि न मोदी सो रहे न अमित शाह।

वोट चोरी के खिलाफ लड़ाई को आगे ले जाने के विपक्ष के एजेंडे को साफ करते हुए कांग्रेस नेता ने गृहमंत्री के बयान कि नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जा रहे का सहारा लेते हुए पलटवार किया। राहुल गांधी ने कहा ‘अमित शाह कहते हैं कि कि नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जा रहे। तो उल्टा मैं बता दूं कि अगर वे जाना भी चाहें तो हम जाने नहीं देंगे।

नरेंद्र मोदी और अमित शाह आप बात समझिए ज्ञानेश कुमार के बाद हम आपके सामने खड़े होने जा रहे हैं। भूलिए मत जो वोट चोरी की है उसमें नरेंद्र मोदी और अमित शाह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी ही होगी।’

भाजपा-संघ पर सीबीआई, ईडी, नौकरशाही, पुलिस से लेकर न्यायपालिका सब पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि हम उनके जैसे नफरत फैलाने वाले नहीं बल्कि देश में मोहब्बत की दुकान खोलने वाले हैं और मोदी, शाह, ज्ञानेश या आरएसएस किसी को दुश्मन नहीं मानते। मगर लोकतंत्र और संविधान पर आक्रमण हम स्वीकार करने को तैयार नहीं क्योंकि देश के नागरिकों की आवाज मेरे लिए धर्म से भी जरूरी चीज है। इस आवाज की रक्षा ही मेरा धर्म है।

महात्मा गांधी की आखिरी पंक्ति में खड़े व्यक्ति रक्षा की बात के अनुरूप सबसे अंतिम लाइन में खड़े नागरिक की आवाज की रक्षा करने की प्रतिबद्धता जताई। राहुल गांधी ने मोदी-शाह तथा आरएसएस पर नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे देश कराह रहा है और भाईचारा और मोहब्बत चाह रहा है और हम यही करके दिखांएगे। कांग्रेस नेता ने अदाणी समूह को देश की सारी संपत्तियां सौंपने का आरोप लगाते हुए कहा कि हमें ऐसा देश कतई नहीं बनने देंगे जहां सब कुछ केवल दो-तीन लोगों के पास हो।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने वोट चोरी की लड़ाई को मोदी हटाओ, लोकतंत्र बचाओ अभियान में तब्दील करने की घोषणा करते हुए कहा कि कि जब तक भाजपा को सत्ता से हटाया नहीं जाता तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी।

राजद नेता तेजस्वी यादव ने रामलीला मैदान में विपक्ष के जुटान को ‘वोट चोरों’ के खिलाफ ‘महाभारत’ बताते हुए ज्ञानेश कुमार पर प्रहार किया। ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल चुनाव के एसआईआर का शिकार बनाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि हम हारे नहीं, वोट काटकर चुनाव लूटा गया है और हम ऐसा करने वालों को छोड़ेंगे नहीं जान की बाजी लगाकर लोकतांत्रिक तरीके से लड़ेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here