देश में दीवाली की धूम, रंग बिरंगी रोशनी से नहाया आसमान; जमकर हुई आतिशबाजी तो दिल्ली में खराब हुई हवा की गुणवत्ता

0
6

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रोशनी, उमंग और आस्था का महापर्व दीवाली भारत सहित दुनिया भर में बेहद धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी और देश की सीमाओं से लेकर सात समंदर पार तक हर घर-आंगन दीपों की जगमगाहट से सराबोर नजर आया।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और विश्व शांति कामना की।

देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंचों तक, दीवाली का उल्लास हर जगह साफ दिखाई दिया। जहां सीमाओं पर देश के जवानों ने मोमबत्तियां और दीये जलाकर खुशियां बांटी, वहीं वैश्विक मंच पर दुनिया के दिग्गज नेताओं और विभिन्न देशों ने भारतीय संस्कृति और आस्था के इस पर्व को अपनत्व के साथ अपनाया।

diwali 2026 india

देश भर में धूमधाम से मनाई गई दीवाली

भारत में इस बार की दीवाली विशेष ऊर्जा और उमंग के साथ मनाई गई। उत्तर से लेकर दक्षिण और पूर्व से लेकर पश्चिम तक हर राज्य में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

diwali 2026 all

सैनिकों संग पीएम मोदी की दीवाली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के बस्तर स्थित कोबरा ऑपरेशंस बेस में सुरक्षा बलों के बहादुर जवानों के साथ दीवाली का जश्न मनाया। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सिक्किम के गंगटोक स्थित शेराथांग युद्ध स्मारक पहुंचकर सेना के जवानों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।

modi diwali

pm modi diwali

pm modi bastar diwali

अयोध्या में राम मंदिर की छटा

रामनगरी अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर को अलौकिक और आधुनिक रोशनी से सजाया गया, जिसके दर्शन के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

ayodhya diwali

वहीं जैसलमेर में भारत-पाक सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने दीये जलाकर पर्व मनाया। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित ऐतिहासिक लाल चौक के घंटाघर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया।

lal chowk diwalii

वहीं, हाल ही में नक्सल मुक्त घोषित किए गए छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के पूवर्ती गांव में पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने मिलकर पहली बार भव्य रूप से आतिशबाजी की और दीवाली मनाई।

इसके साथ ही लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी देशवासियों को दीवाली की बधाई दी और इस अवसर पर पारंपरिक मिठाइयां बनाते हुए नजर आए।

rahul gandhi news

इसके अलावा अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में दीपोत्सव की धूम दिखाई दी। गोल्डन टैंपल का भव्य स्वरूप दीवाली पर नजर आया।

golden temple diwali

दिल्ली में खराब हुई हवा की गुणवत्ता

दिवाली की रात आतिशबाजी के धुएं ने दिल्ली को धुंध की मोटी चादर में लपेट लिया। सड़कों पर लगी रोशनी धुएं के कारण धुंधली पड़ गई और कई इलाकों में दृश्यता कम हो गई।

पटाखों के धुएं की गंध के साथ लोगों ने सांस लेने में परेशानी की शिकायत भी की। रात 10 बजे तक दिल्ली के 59 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 20 पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। इस समय दिल्ली का औसत एक्यूआई 371 दर्ज किया गया।

विदेशों में भी जगमगाया दीवाली का दीया

भारत के बाहर विदेशों में भी भारतीय समुदाय और स्थानीय नागरिकों ने बड़े पैमाने पर दीवाली का आयोजन किया।

अमेरिका: वाशिंगटन डीसी स्थित व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने पारंपरिक रूप से दीया जलाकर दीवाली मनाई। इस अवसर पर उन्हें हनुमान चालीसा भी भेंट की गई। न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने राज्य में दीवाली की विशेष घोषणा की, जिसके तहत प्रसिद्ध टाइम्स स्क्वायर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइट शो और ढोल-नगाड़ों की गूंज देखने को मिली।

संयुक्त अरब अमीरात व खाड़ी देश: दुबई की विश्व प्रसिद्ध इमारत ‘बुर्ज खलीफा’ दीवाली के रंग में रंगी नजर आई और उस पर ‘हैप्पी दीवाली’ का संदेश जगमगा उठा।

dubai

कुवैत स्थित ‘इंडिया हाउस’ में दो दिवसीय ‘दीवालीया’ उत्सव का आयोजन किया गया।

ब्रिटेन: ब्रिटेन के लीसेस्टर शहर में यूरोप के सबसे बड़े दीवाली उत्सवों में से एक का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों लोगों ने हिस्सा लिया।

नेपाल, श्रीलंका व म्यांमार: नेपाल की राजधानी काठमांडू में पांच दिवसीय तिहार उत्सव के तहत आतिशबाजी की गई। श्रीलंका के कोलंबो स्थित ऐतिहासिक श्री पोन्नम्बलवनेश्वर मंदिर और म्यांमार के यांगून स्थित मंदिरों में श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना की।

इसके साथ ही मलेशिया, मॉरीशस, फिजी, सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया में भी भारतीय समुदाय ने दीप जलाकर और मिठाइयां बांटकर इस पर्व को यादगार बनाया।

दुनिया भर के नेताओं ने दी शुभकामनाएं

दीवाली के इस शुभ अवसर पर दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्षों और वैश्विक नेताओं ने भारतीय समुदाय और दुनिया भर के लोगों को बधाई दी।

इमैनुएल मैक्रों : भारत, फ्रांस और दुनियाभर में रहने वाले मेरे सभी भारतीय मित्रों को दीवाली की हार्दिक शुभकामनाएं! इसकी रोशनी हमें हमेशा एकता, शांति और आशा बनाए रखने के लिए प्रेरित करे।

एंथनी अल्बनीज (प्रधानमंत्री, ऑस्ट्रेलिया): दीवाली अंधकार पर प्रकाश की विजय का महान उत्सव है, जो सभी धार्मिक और सांस्कृतिक सीमाओं से परे विभिन्न समुदायों को एक सूत्र में पिरोता है।

शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान (राष्ट्रपति, यूएई): यूएई और दुनियाभर में दीवाली मना रहे सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह शुभ अवसर आपके और आपके परिवार के लिए उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए।

डोनल्ड ट्रंप (राष्ट्रपति, अमेरिका): व्हाइट हाउस में दीया जलाकर दीवाली उत्सव का नेतृत्व किया और वैश्विक भारतीय समुदाय को शांति व सफलता का संदेश दिया।

पैट्रिक हरमिनी (राष्ट्रपति, सेशेल्स): भारतीय समुदाय हमारे देश के सामाजिक और आर्थिक ताने-बाने का अभिन्न हिस्सा रहा है। दीवाली का प्रकाश हर घर को शांति और खुशियों से रोशन करे।

अनवर इब्राहिम (प्रधानमंत्री, मलेशिया): दीवाली देश के विविध समाज में आपसी एकता को मजबूत करने और मतभेदों को दूर करने का एक बड़ा माध्यम बननी चाहिए।

इसके अलावा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी हिंदू समुदाय को दीवाली की शुभकामनाएं दी। वहीं मैनचेस्टर यूनाइटेड और बायर्न म्यूनिख जैसे दुनिया के शीर्ष फुटबॉल क्लबों ने भी अपने वैश्विक प्रशंसकों को सोशल मीडिया के जरिए दीवाली की बधाई दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here