Home Blog Page 119

पंचायत भवन में जहरीला सांप निकला:सर्पमित्र घनश्याम बाबा ने पकड़ा; कॉमन क्रेट प्रजाति का सांप जंगल में छोड़ने ले गए

विकास क्षेत्र साऊंघाट की ग्राम पंचायत छितही प्रहलाद के पंचायत भवन में गुरुवार को जहरीला सांप निकला। ग्राम पंचायत अधिकारी राकेश पाण्डेय ने उसे कमरे में देखा और सर्पमित्र घनश्याम बाबा को फोन कर बुलाया।
राकेश पाण्डेय ताला खोलकर कमरे में पहुंचे थे। वहां सांप घूम रहा था। घनश्याम बाबा ने सावधानी से सांप को पकड़ा और एक जार में बंद कर लिया।
घनश्याम बाबा ने बताया कि यह कॉमन क्रेट प्रजाति का सांप है, जिसे स्थानीय भाषा में चितर कहते हैं। वे सांप को जंगल में छोड़ने के लिए अपने साथ ले गए।

मोदी मंत्रिपरिषद की बैठक 18 नवंबर को होने की संभावना, महिलाओं और युवाओं से जुड़ी विकास योजनाओं पर होगी चर्चा

पीटीआई, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 18 नवंबर को अपने पूरे मंत्रिपरिषद के साथ बैठक कर सकते हैं। इस दौरान उनसे शासन, सुधारों और कल्याण एवं विकास योजनाओं के संबंध में महिलाओं और युवाओं तक पहुंच बनाने सहित कई मुद्दों पर चर्चा करने की उम्मीद है।

यह बैठक उस जारी प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य मंत्रियों को सरकार के सामने आने वाले मुद्दों को बेहतर ढंग से समझने में मदद करना है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री 18 नवंबर की शाम को वार्षिक भारत-आसियान शिखर सम्मेलन से लौटने के तुरंत बाद अपनी मंत्रिपरिषद के साथ बातचीत करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में शासन, सुधारों, कल्याणकारी और विकास योजनाओं के बारे में महिलाओं और युवाओं तक पहुंच बनाने जैसे कई मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

मंत्रिपरिषद की पिछली बैठक, जिसे चिंतन शिविर कहा गया था सितंबर में हुई थी। मंत्रिपरिषद की आगामी बैठक में इस बात पर भी ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है कि विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के बीच बेहतर तालमेल बिठाकर सरकारी योजनाओं के वितरण तंत्र (डिलीवरी मैकेनिज्म) को और कैसे बेहतर बनाया जाए।

नासिरगंज में पांच दिवसीय मजलिस शुरू:पहले दिन जाकिर ने हजरत फातिमा ज़हरा की जिंदगी और मसाएब पर बात की

श्रावस्ती जिले के नासिरगंज में ‘अय्यामे अजाए फातिमिया’ के तहत पांच दिवसीय मजलिस गुरुवार, 12 नवंबर 2026 को शुरू हुई। पहले दिन मजलिस में अज़ादार शामिल हुए।
इमामबाड़े के मुख्य द्वार और परिसर को बैनरों, पंचतन पाक के नामों और कर्बला की तस्वीरों से सजाया गया।
पहली मजलिस शाम 7 बजकर 55 मिनट पर शुरू हुई और रात 8 बजकर 33 मिनट पर खत्म हुई। जाकिर ने हजरत फातिमा ज़हरा (सलाम उल्लाह अलैहा) की जिंदगी और उनके मसाएब पर बात की।
मजलिस के आयोजक मोमिनीन ए नासिरगंज, श्रावस्ती हैं।

केरलम में ई 20 पेट्रोल में गड़बड़ी पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई, सीएम सतीशन की सख्त चेतावनी

आईएएनएस, तिरुअनंतपुरम। ई20 पेट्रोल की गुणवत्ता में कथित गड़बड़ियों को लेकर वाहन चालकों की बढ़ती चिंताओं के बीच केरलम सरकार ने राज्यभर के पेट्रोल पंपों पर जांच तेज कर दी है।

मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने गुरुवार को कहा कि ईंधन में अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, नागरिक आपूर्ति विभाग ने तिरुअनंतपुरम, एर्नाकुलम, कोझिकोड और कन्नूर जिलों के नौ पेट्रोल पंपों से ईंधन के नमूने एकत्र किए हैं।

इनकी जांच के जरिए पेट्रोल में इथेनॉल की निर्धारित मात्रा और ईंधन की समग्र गुणवत्ता का पता लगाया जाएगा। जांच रिपोर्ट 10 दिनों के भीतर आने की उम्मीद है।

सतीशन ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि जांच का दायरा बढ़ाकर राज्य के अन्य पेट्रोल पंपों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा और गुणवत्तापूर्ण ईंधन की उपलब्धता सरकार की प्राथमिकता है।

गौरतलब है कि ई20 पेट्रोल में 20 प्रतिशत तक इथेनाल और 80 प्रतिशत पेट्रोल होता है। केंद्र सरकार का इथेनाल मिश्रण कार्यक्रम कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता घटाने और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

गैस कालाबाजारी का आरोप लगाकर अधिवक्ता सड़क पर लेटे:कोल्हुई में करीब चार घंटे तक रहा हंगामा, सप्लाई इंस्पेक्टर ने दुकान से चार सिलेंडर जब्त किए

महराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के एकसड़वा में गुरुवार सुबह गैस सिलेंडर की कथित कालाबाजारी को लेकर हंगामा हुआ। अधिवक्ता नागेंद्र शुक्ला एकसड़वा-मोगलहा मार्ग पर लेट गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें शांत कराया। नागेंद्र शुक्ला ने बताया कि उनके घर में गैस सिलेंडर खत्म हो गया था। किसी व्यक्ति ने उन्हें बताया कि रईस नाम का व्यक्ति सिलेंडर बेचता है। इसके बाद वह उसकी दुकान पर पहुंचे। शुक्ला का आरोप है कि दुकान पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने रईस पर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने का भी आरोप लगाया। सूचना मिलने पर नौतनवां के सप्लाई इंस्पेक्टर हर्षवर्धन मौके पर पहुंचे और दुकान पर छापेमारी की। वहां से चार गैस सिलेंडर मिले। अधिकारी सिलेंडरों के बारे में जांच कर रहे हैं। गैस सिलेंडर को लेकर शुरू हुआ विवाद करीब चार घंटे तक चला। इस दौरान कोल्हुई थाने की पुलिस मौके पर मौजूद रही।

गैस टैंकर की चपेट में आने से किशोर की मौत:दीपावली की छुट्टी में ननिहाल गया था 14 साल का ओमप्रकाश

बस्ती जिले में गैस से भरे टैंकर-ट्रेलर की चपेट में आने से 14 साल के ओमप्रकाश गौतम की मौत हो गई। वह दीपावली की छुट्टी मनाने ननिहाल गया था। हादसा बुधवार देर रात मुंडेरवा थाना क्षेत्र के परसा हज्जाम गांव के पास हुआ। ओमप्रकाश वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पड़िया खास गांव का रहने वाला था। वह मंगेश का बेटा और दो बहनों का इकलौता भाई था। सोमवार को वह ननिहाल परसा हज्जाम गया था। बुधवार रात वह मूर्ति विसर्जन देखने गोरखपुर-लखनऊ मार्ग पर पहुंचा था। वह सड़क के डिवाइडर पर खड़ा था, तभी तेज रफ्तार गैस टैंकर-ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी। ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर खझौला चौकी प्रभारी राकेश त्रिपाठी पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर ननिहाल और पड़िया खास गांव पहुंची तो परिवार में शोक छा गया। ओमप्रकाश के बड़े पिता बृजेश कुमार और मामा उमाशंकर व रामछैल मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद गोरखपुर-लखनऊ मार्ग पर जाम लग गया। टैंकर चालक गाड़ी लेकर लखनऊ की ओर भागा, लेकिन ग्रामीणों ने नरियांव गांव के पास उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

‘मेरी मां को सच बताने का पूरा अधिकार’, सोनिया गांधी के समर्थन में उतरी प्रियंका ने BJP-RSS को घेरा

पीटीआई, वायनाड। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को अपनी मां और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब को लेकर भाजपा पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस ने लंबे समय तक सोनिया गांधी के बारे में झूठी कहानियां गढ़ीं और गलत बातें फैलाईं। अब सोनिया अपनी कहानी बता रही हैं और उन्हें सच सामने रखने का पूरा अधिकार है।

प्रियंका गांधी अपनी मां की हाल ही में जारी किताब ‘बिलोंगिंग: ए जर्नी आफ लव’ पर भाजपा की प्रतिक्रिया से जुड़े सवालों का जवाब दे रही थीं।

प्रियंका ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि भाजपा के नेता उनकी मां की किताब पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब इतने लंबे समय तक उनकी मां के बारे में झूठ बोला गया, तो अब उनके सच बताने पर विरोध होना स्वाभाविक है।

गौरतलब है कि भाजपा ने सोनिया गांधी की किताब पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि उन्होंने 1975 के आपातकाल को सही ठहराने और 1984 के सिख विरोधी दंगों में राजीव गांधी को क्लीन चिट देने की कोशिश की है।

पार्टी ने किताब का नाम ‘व्हाइटवॉशिंग’ रखने की टिप्पणी भी की थी। प्रियंका ने कहा कि हर व्यक्ति का अपना नजरिया और अपनी कहानी होती है। उनकी मां ने किताब में वही बातें रखी हैं, जिन्हें वह स्पष्ट करना चाहती थीं।

जमुनहा में लक्ष्मी-गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ:शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए, पुलिस की निगरानी में देर रात भाकला में विसर्जन

श्रावस्ती। जमुनहा ब्लॉक के अलग-अलग क्षेत्रों में गुरुवार को लक्ष्मी-गणेश प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम देर रात शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। इससे पहले विभिन्न गांवों और कस्बों से प्रतिमाओं के साथ विसर्जन शोभायात्राएं निकाली गईं। शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालु गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के साथ नाचते-गाते प्रतिमाओं को लेकर विसर्जन स्थल भाकला पहुंचे। रास्ते भर भगवान गणेश और माता लक्ष्मी के जयकारे गूंजते रहे। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद विधि-विधान से प्रतिमाओं का विसर्जन किया। वहीं, विसर्जन कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहे और लगातार निगरानी करते रहे। पुलिस और प्रशासन की निगरानी तथा श्रद्धालुओं के सहयोग से सभी प्रतिमाओं का विसर्जन देर रात शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। इस दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

स्वच्छ सर्वेक्षण में बदला अंकों का गणित: वाटर प्लस और गारबेज फ्री सर्वे होते तो इंदौर को मिलते पूरे 100 फीसदी अंक

जेएनएन, इंदौर। स्वच्छ सर्वेक्षण में इस बार इंदौर के पिछड़ने को लेकर अब चिंतन का दौर शुरू हो गया है। जिस शहर ने स्वच्छता में नंबर वन की पहचान बनाई, वह यदि पिछड़ा है तो इसके कुछ कारण हैं।

बताया गया कि स्वच्छ सर्वे 12500 अंकों का होना था, लेकिन ऐन वक्त पर इसमें बदलाव करते हुए इसे 10500 का कर दिया गया। वाटर प्लस और गारबेज फ्री सिटी सर्वे के दो हजार अंक निर्धारित थे, लेकिन ये दोनों सर्वे करवाए ही नहीं जा सके। ये दोनों सर्वे होते तो इंदौर को इनमें शत प्रतिशत अंक मिलने का अनुमान था।

इंदौर के पिछड़ने के जो कारण सामने आ रहे हैं, उनके बारे में बताया गया है कि स्वच्छ सर्वेक्षण में दस्तावेजीकरण के साथ-साथ नवाचार का महत्व होता है, लेकिन पिछले कुछ समय से इंदौर शहर में कोई नवाचार नहीं हुआ। इसी तरह विजिबल क्लीननेस (दृश्यमान स्वच्छता) श्रेणी में भी शहर पिछड़ा।

सर्वे टीम ने जब इंदौर में दिखाई देने वाली स्वच्छता का आकलन किया तो वे औचक निरीक्षण पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे। इस दौरान कई क्षेत्रों में सड़कों पर कचरा पड़ा था।

स्वच्छता जन-जागरूकता में भी इंदौर का प्रदर्शन कमजोर रहा। वहीं, प्रयुक्त जल प्रबंधन को लेकर इंदौर में अब भी बहुत काम करने की संभावना महसूस की जा रही है। कारण यह कि प्रयुक्त जल को फिलहाल बगीचों, निर्माण में शत प्रतिशत इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है।

नशे में कार सवार युवकों ने पिकअप को टक्कर मारी:परतावल में पांचों ने पुलिस से भी की अभद्रता, शांतिभंग में चालान

महराजगंज के परतावल में बुधवार रात करीब 11 बजे एक कार ने पिकअप को टक्कर मार दी। कार में सवार पांचों युवक शराब के नशे में थे। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
टक्कर के बाद युवकों ने हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस से भी वे उलझ गए और अभद्रता की।
पुलिस ने पांचों युवकों का मेडिकल परीक्षण कराया। जांच में सभी के शराब पीने की पुष्टि हुई। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। गुरुवार को शांतिभंग की आशंका में पांचों का चालान किया गया।
श्यामदेउरवां थाने के एसओ महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि गौरव पटेल, शिवम पटेल, करन पटेल, सोनू उर्फ दिलशाद और आलोक पटेल का चालान किया गया है। सभी ग्राम सभा अहिरौली, थाना भिटौली के रहने वाले हैं। मामले में अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है।