Home Blog Page 120

मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, गोलीबारी में एक महिला की मौत; कूकी संगठन ने किया 48 घंटे के बंद का आह्वान

पीटीआई, इंफाल। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में गुरुवार को संदिग्ध उग्रवादियों के दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी में कुकी समुदाय की एक महिला की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद कुकी संगठन ने जिले में 48 घंटे के पूर्ण बंद का आह्वान किया है।

संगठन ने सरकार से जिले से सभी सुरक्षाबलों को हटाने की मांग की है। उसका आरोप है कि सुरक्षाबल नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में नाकाम रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार, प्रतिद्वंद्वी विद्रोही गुटों के बीच गोलीबारी सुबह करीब 11 बजे कांगपोकपी जिले के ताफौ कुकी गांव और पड़ोसी सेनापति जिले के कैलेंगजांग के पास शुरू हुई।

इस दौरान गोली लगने से ताफौ कुकी गांव की महिला के. चोंगलोई की मौत हो गई। वह खेत में काम कर रही तभी उसे गोली लगी। गोलीबारी में एस. डेविड चोंगलोई और लामखोचोन चोंगलोई घायल हुए। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है।

इलाके में सीआरपीएफ, बीएसएफ और असम राइफल्स के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। मामले में जांच शुरू कर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। सुरक्षाबलों ने सेनापति जिले के पास के ताफौ गांव में भी तलाशी अभियान चलाया। स्थानीय लोगों, जिनमें ज्यादातर महिलाएं थीं, ने सुरक्षाबलों को गांव की ओर बढ़ने से रोकने की कोशिश की।

यह घटना ऐसे समय हुई है, जब हाल ही में ताफौ कुकी गांव के दो युवक 28 अक्टूबर को लापता हो गए थे। उनके शव एक नवंबर को पड़ोसी सेनापति जिले में मिले थे। इस मामले में कुकी संगठन कमेटी आन ट्राइबल यूनिटी (सीओटीयू) पहले से प्रदर्शन कर रहा है।

संगठन की मांग है कि ताफौ कुकी गांव को सेनापति के बजाय कांगपोकपी जिला पुलिस के अधिकार क्षेत्र में रखा जाए। राज्य सरकार इस मामले को राष्ट्रीय जांच एजेंसी को सौंपने पर विचार कर रही है।

उधर, उखरुल जिले के सिनाकेइथी के पास धान की कटाई कर रहे किसानों के समूह पर संदिग्ध उग्रवादियों ने गोलीबारी की। इसमें एक व्यक्ति को गोली लगी। सुरक्षाबलों ने उसे अस्पताल पहुंचाया और अन्य किसानों को सुरक्षित बचाया।

इस बीच चूड़चंदपुर जिले में सुरक्षाबलों ने बुधवार को 10 फीट लंबा राकेट, चीन में बने चार मोर्टार और छह इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आइईडी) समेत हथियार और गोला बारूद बरामद किए हैं। एक अन्य अभियान में सुरक्षाबलों ने कांगपोकपी जिले में यात्री बस की तलाशी के दौरान 1.147 किलोग्राम मेथामफेटामाइन टैबलेट जब्त कीं। मेथामफेटामाइन मादक पदार्थ होता है।

सभी समुदायों के प्रतिनिधित्व वाली समिति बनाएगी मणिपुर सरकार

आईएएनएस के अनुसार मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने कहा है कि सरकार राज्य के सभी समुदायों का प्रतिनिधित्व करने वाली समिति गठित करने की दिशा में कदम उठाएगी। समुदायों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस समिति का गठन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने इंफाल स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में मणिपुर के 10 जनजातीय समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान यह घोषणा की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से इस तरह की समिति को लेकर पूछे गए सवाल के बाद सरकार ने इस समिति के गठन की दिशा में कदम उठाने का फैसला किया है।

प्रधानमंत्री ने यह जानना चाहा था कि क्या मणिपुर में ऐसा कोई साझा मंच मौजूद है, जो विभिन्न समुदायों के बीच एकता को बढ़ावा दे सके। मुख्यमंत्री ने हाल में नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी और मणिपुर से जुड़े विभिन्न मामलों पर चर्चा की थी।

 

जमुनहा में अय्यामे फातिमा की मजलिसें शुरू:पहले दिन नासिरगंज और चौगौई में आयोजन; अगले पांच दिनों तक जारी रहेगा सिलसिला

श्रावस्ती के जमुनहा ब्लॉक के अलग-अलग इलाकों में अय्यामे फातिमा के तहत मजलिसें शुरू हो गई हैं। पहले दिन नासिरगंज और चौगौई ग्राम पंचायत में मजलिस हुई। दोनों जगह शाम 7 बजे शुरू हुई मजलिस रात करीब 9 बजे खत्म हुई। मजलिस में जनाबे सय्यिदा फातिमा जहरा की शहादत को याद किया गया। वे पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा की बेटी और हजरत अली की पत्नी थीं। अय्यामे फातिमा के दौरान उनकी जिंदगी, कुर्बानी, धार्मिक शिक्षाओं और संघर्षों को याद किया जाता है। इस मौके पर वक्ताओं ने उनके जीवन से जुड़ी बातें बताईं। मजलिस में अंजुमन हुसैनिया की ओर से नौहाख्वानी और मातम किया गया। अकीदतमंदों ने शामिल होकर जनाबे सय्यिदा फातिमा जहरा को खिराज-ए-अकीदत पेश किया। आयोजकों के मुताबिक, मजलिसों का सिलसिला अगले पांच दिनों तक जारी रहेगा। इस दौरान क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर मजलिसें होंगी और उनकी शहादत को याद किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश चुनाव का सियासी समीकरण: कांग्रेस 130 तो सपा 60 की चल रही चाल, लेकिन गठबंधन में कहां फंस रहा पेज?

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली । उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ तालमेल के लिए कांग्रेस ने अपनी दावेदारी वाली सीटों की अंतिम सूची लगभग तैयार जरूर कर ली है। लेकिन दोनों दलों के बीच सीट बंटवारा समझौते पर इस महीने के आखिर तक भी मुहर लग पाएगी इसकी उम्मीद कम ही दिख रही है।

खासकर यह देखते हुए कि उत्तरप्रदेश में सपा के जमीनी आकलन से इतर कांग्रेस कहीं अधिक संख्या में सीटों पर दावेदारी जता रही है। ऐसे में सीट बंटवारे के समझौते का समाधान दोनों पार्टियों के शीर्षस्थ नेतृत्व के सीधे आपसी संवाद के बाद ही निकल पाएगा।

उत्तरप्रदेश में कांग्रेस ने उन सीटों की सूची तैयार कर ली है जहां पार्टी चुनाव लड़ने के लिए अपनी तैयारी और दावेदारी दोनों को पुख्ता मान रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार पिछले हफ्ते कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के आवास पर प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं हुई बैठक में इन संभावित सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति पर चर्चा भी हुई।

बताया जाता है कि कांग्रेस ने 130 से कुछ अधिक ऐसी सीटों की अपनी सूची तैयार की है जहां पार्टी चुनाव लड़ना चाहती है। इन सीटों को राजनीतिक कसौटी पर तीन श्रेणियों में बांटा गया है और जहां सामाजिक समीकरण के साथ उसके पास संभावित उम्मीदवारों के नाम भी हैं।

हालांकि, पार्टी की ओर से अपनी दावेदारी वाली इन सीटों की कसौटी के आधारों का अभी खुलासा नहीं किया गया है। लेकिन कांग्रेस ने तालमेल में अपने खाते की संभावित सीटों की सूची सपा को भेज दी है। चुनावी गठबंधन के लिए कांग्रेस की ओर से सीटों की संख्या पर अभी तक कोई आधिकारिक टीका-टिप्पणी नहीं की गई है।

हालांकि, उत्तरप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम समेत सूबे के कई पार्टी नेता डेढ़ सौ से दो सौ सीटों पर चुनाव लड़ने की ताल ठोकते रहे हैं। जबकि इसके विपरीत समाजवादी पार्टी की ओर से अभी चंद दिन पहले ही कांग्रेस के खाते में अधिकतम 60 सीटें आने की बात कही गई थी।

प्रदेश नेताओं के बीच सीटों की दावेदारी को लेकर चल रही रस्साकशी का अर्थ साफ है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सीधे संवाद और हस्तक्षेप के बिना सीट बंटवारे की गुत्थी खत्म नहीं होगी।

राहुल गांधी का 25 नवंबर तक देश और विदेश में काफी व्यस्त कार्यक्रम है। इसके मद्देनजर ही सपा-कांग्रेस के बीच तालमेल को लेकर नवंबर के आखिर तक रस्साकशी जारी रहने के आसार हैं।

Maharajganj News | Kolhui Police Action Against 20 People Under BNSS

महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार, 12 नवंबर को 20 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 09 चालानी रिपोर्ट तैयार कीं। सभी को धारा 170/126/135 BNSS के तहत आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय भेजा गया।

.

पुलिस के मुताबिक, यह अभियान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाया गया। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा के मार्गदर्शन में कार्रवाई हुई। अभियान का नेतृत्व थानाध्यक्ष अभय नारायण सिंह ने किया।

पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में कार्रवाई की। इनमें जंगल गुलरिहा, एकसड़वा, इलाहावास, जिगिनिहा, कम्हरिया बुजुर्ग और पकरडीहा सहित अन्य गांवों के लोग शामिल हैं।

कार्रवाई में उपनिरीक्षक पंकज सिंह, रवि प्रकाश यादव, राजकुमार और हाकिमचंद शामिल रहे। कांस्टेबल शैलेश सिंह, राजेश कुमार, अमित यादव प्रथम, आलोक पाल, अजीत कुमार, बबलू यादव, सतीश चौधरी, हरिप्रताप यादव और महिला कांस्टेबल आकांक्षा मिश्रा भी टीम में थीं।

कोल्हुई थाना अध्यक्ष अभय नारायण सिंह ने कहा कि इलाके में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है। अशांति या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हत्या का खुलासा होने से पहले पिता की मौत:लालगंज के सिद्धनाथ गांव में डेढ़ साल पहले 5 साल की बच्ची की हत्या हुई थी

लालगंज थाना क्षेत्र के सिद्धनाथ गांव में 5 साल की बच्ची की हत्या का डेढ़ साल बाद भी खुलासा नहीं हुआ है। बच्ची के पिता की लंबी बीमारी के चलते मौत हो गई। वह बेटी को न्याय दिलाने की आस लगाए थे। जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद गांव में पुलिस तैनात की गई थी। जिले के वरिष्ठ अधिकारियों, लालगंज पुलिस और जिला स्तर की विशेष टीमों के साथ आधा दर्जन से ज्यादा थानों की पुलिस ने जांच की। टीमों ने कई महीने तक पूछताछ और जांच की। गांव की महिलाओं और पुरुषों को कई हफ्तों तक थाने बुलाकर पूछताछ की गई। सिद्धनाथ और आसपास के गांवों के युवाओं के साथ 10 साल से ज्यादा उम्र के बच्चों का डीएनए टेस्ट कराया गया। इसके बावजूद पुलिस घटना का खुलासा नहीं कर सकी। बच्ची के पिता किडनी की बीमारी से पीड़ित थे और बिस्तर पर रहते थे। सामाजिक संगठनों ने भी बच्ची को न्याय दिलाने के लिए प्रयास किए। पिछले महीने पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देश पर 5 लोगों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराया गया। पिता अपनी बेटी के दोषी को सजा दिलाने की आस पूरी होते नहीं देख सके।

बिजली क्षेत्र में 6 साल में 50 लाख करोड़ के निवेश से पहले CAG का बड़ा एक्शन, 39 डिस्कॉम और 5 विभागों का विशेष ऑडिट शुरू

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने अगले 6 सालों में बिजली क्षेत्र में 50 लाख रुपये के निवेश का अनुमान लगाया है। इसे देखते हुए, CAG ने 39 सरकारी बिजली वितरण कंपनियों और राज्य सरकारों के पांच अन्य विभागों का विशेष ऑडिट शुरू किया है।

यह ऑडिट पिछले पांच सालों के कामकाज का होगा, जिसका उद्देश्य कमियों का पता लगाना, नीति निर्माण के लिए सरकार को एक स्पष्ट तस्वीर देना और केंद्र-राज्य निवेश प्रवाह के लिए एक एकीकृत योजना तैयार करना है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अकेले इस क्षेत्र में अगले छह सालों के दौरान लगभग 3 लाख करोड़ रुपये का केंद्रीय निवेश आने का अनुमान का है। अपनी तरह की पहली CAG रिपोर्ट 27 राज्यों/ केंद्र शासित प्रदेशों को कवर करेगी और इसकी रिपोर्टें इन राज्यों की विधानसभाओं में अलग-अलग पेश की जाएंगी।

ऑडिट का ढांचा IIM अहमदाबाद की मदद से और इस साल की शुरुआत में राज्यों तथा केंद्र के बिजली सचिवों के साथ परामर्श के बाद तैयार किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, इस बार CAG कम से कम 10,000 उपभोक्ताओं के बीच ‘उपभोक्ता संतुष्टि सर्वेक्षण’ भी कर रहा है, ताकि बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों को दूर किया जा सके। डिस्कॉम पर किसी भी तरह का दबाव अंततः बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता और किफायती होने की क्षमता को प्रभावित करता है, जिसका असर राज्य के वित्त पर भी पड़ता है।

यह ऑडिट मई 2027 तक पूरा होने की संभावना है। इसके बाद चार और इसी तरह के ऑडिट किए जाएंगे: अगले साल ट्रांसमिशन कंपनियों (ट्रांसको) का विशेष ऑडिट, उसके बाद रिन्यूएबल (नवीकरणीय ऊर्जा) और बिजली उत्पादन कंपनियों का ऑडिट, और अंत में RDSS (संशोधित वितरण क्षेत्र योजना) का ऑडिट।

TOI की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारी ने बताया कि डिस्कॉम के आंकड़ों से पता चलता है कि उनके वित्तीय संकट का मुख्य कारण बिजली खरीद, मांग का पूर्वानुमान लगाने, मीटरिंग, रेगुलेटरी अकाउंटिंग और उपभोक्ता सेवा में मौजूद कमियां हैं। मार्च 2025 तक, लगभग 23 डिस्कॉम को 30,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था, और 24 डिस्कॉम की नेट वर्थ नकारात्मक थी, जबकि उनका कुल संचित नुकसान 3.4 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया था।

कुल 7.3 लाख करोड़ रुपये का बकाया

इन डिस्कॉम पर कुल 7.3 लाख करोड़ रुपये का बकाया है, जिस पर 77,653 करोड़ रुपये का ब्याज का बोझ है। इस स्थिति के कारण बिजली क्षेत्र में भविष्य का कोई भी निवेश जोखिम में पड़ सकता है। एक अधिकारी ने बताया कि सरकार से मिलने वाली मदद का इस्तेमाल निवेश के बजाय, घाटे, कर्ज और ब्याज की भरपाई के लिए ज्यादा हो रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि राजस्व अनुदान 2020-21 के 55,500 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 94,100 करोड़ रुपये हो गया है।

ऑडिटर ने संभावित लीकेज और नीतिगत कमियों का पता लगाने के लिए, हर डिस्कॉम के डेटा का सूक्ष्म और क्षेत्रीय स्तर पर विश्लेषण किया है। नीतिगत कदम उठाने के लिए केंद्र और राज्यों के साथ साझा किए जाने से पहले,यह ऑडिट प्रक्रिया का हिस्सा होगा।

सूत्रों के अनुसार, ऑडिटर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के ‘बिजली खरीद समझौतों’ का भी आकलन करेगा। वह इनकी मजबूती की जांच करने के लिए इनकी तुलना उद्योग के सर्वोत्तम तौर-तरीकों से करेगा, क्योंकि बिजली की खरीद-बिक्री और उसकी कीमत का सीधा असर उपभोक्ताओं पर पड़ता है और लंबे समय में इससे बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता भी प्रभावित होती है। इन सभी राज्यों में बिजली की चोरी और ट्रांसमिशन व वितरण के दौरान होने वाले नुकसान का भी सर्वे किया जाएगा।

पुलिस भर्ती के मेडिकल और सत्यापन का निरीक्षण:श्रावस्ती में पांच अभ्यर्थियों की प्रक्रिया सीसीटीवी और वीडियो रिकॉर्डिंग के बीच हुई

श्रावस्ती में गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह ने आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती के मेडिकल परीक्षण और चरित्र सत्यापन का निरीक्षण किया। यह प्रक्रिया रिजर्व पुलिस लाइन भिनगा में चल रही है। चंद्रकेश सिंह ने मौके पर व्यवस्थाएं देखीं और प्रक्रिया में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों और मेडिकल टीम को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण और चरित्र सत्यापन तय नियमों के अनुसार किया जाए। इस दौरान पांच अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण और चरित्र सत्यापन हुआ। इनमें एक महिला और चार पुरुष अभ्यर्थी शामिल थे। पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हुई और हर चरण की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, भर्ती प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक ने कर्मचारियों को जिम्मेदारी से ड्यूटी करने और शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा।

सोनिया गांधी के संस्मरण पर फिल्म बनाएंगे जग्गा रेड्डी, 2028 में होगी रिलीज

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के संस्मरण पर फिल्म बनाने की तैयारी है। तेलंगाना कांग्रेस के नेता टी. जयप्रकाश रेड्डी उर्फ जग्गा रेड्डी ने गुरुवार को प्रेट्र से बातचीत में कहा, हमने सोनिया जी की किताब पर आधारित फिल्म बनाने का फैसला किया है। हमने इसे तेलुगु, हिंदी और अन्य सभी भाषाओं में बनाने के बारे में सोचा है।

यह फिल्म व्यावसायिक उद्देश्य से नहीं बनाई जाएगी। इसके लिए किसी से चंदा नहीं लिया जाएगा। फिल्म का खर्च संगारेड्डी विधानसभा क्षेत्र के करीब 50 कांग्रेस नेता आपसी योगदान से उठाएंगे। जग्गा रेड्डी इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

फिल्म की शूटिंग दिल्ली और तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में करने की योजना है। श्रीपेरंबदूर वही स्थान है, जहां 1991 में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी। जग्गा रेड्डी के मुताबिक, सोनिया गांधी की जन्मतिथि यानी नौ दिसंबर को फिल्म से जुड़ा एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

फिल्म को नौ दिसंबर 2028 को रिलीज करने की योजना है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को लेकर वह तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बी. महेश कुमार गौड़ से भी बातचीत करेंगे। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

सुशील टिबडेवाल ने कबड्डी प्रतियोगिता का उद्घाटन किया:लक्ष्मीपुर खुर्द में खिलाड़ियों से मिले, कटहरी बाजार के हनुमान महोत्सव में भी शामिल हुए

सपा सरकार में पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री और सिसवा विधानसभा से सपा प्रत्याशी सुशील कुमार टिबडेवाल ने लक्ष्मीपुर खुर्द में कबड्डी प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इसके बाद वे कटहरी बाजार में हनुमान महोत्सव में शामिल हुए। टिबडेवाल निचलौल स्थित अपने केंद्रीय कार्यालय से दोनों कार्यक्रमों में पहुंचे। लक्ष्मीपुर खुर्द गांव में ग्रामीणों और युवाओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने फीता काटकर और खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर प्रतियोगिता शुरू कराई। उन्होंने कहा कि कबड्डी मिट्टी का खेल है और ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके बाद टिबडेवाल ने कटहरी बाजार में हनुमान महोत्सव में पूजा-अर्चना की। उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है और बदलाव चाहती है। कार्यक्रम में महातम यादव, रितेश पांडेय और राधेश्याम मौर्य सहित सपा कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। उन्होंने टिबडेवाल का स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में टिबडेवाल ने कहा कि वे सिसवा की जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ हैं। उन्होंने अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।

कलवारी शिव मंदिर के सरोवर पर छठ की तैयारी शुरू:छठी मैया की पूजा के लिए बेदियां बनने लगीं, घाट के आसपास सफाई भी शुरू

कलवारी स्थित शिव मंदिर के सरोवर के किनारे छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोग छठी मैया की पूजा के लिए बेदियां बना रहे हैं। सरोवर के आसपास सफाई भी शुरू हो गई है।
छठ पर्व पर व्रती महिलाएं और पुरुष डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। इस दौरान सरोवर और जलाशयों के किनारे श्रद्धालु जुटते हैं। इसे देखते हुए स्थानीय लोग पूजा स्थल को व्यवस्थित करने में लगे हैं।
सरोवर के किनारे मिट्टी से बेदियां बनाई जा रही हैं। व्रती यहां पारंपरिक तरीके से पूजा करेंगे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पर्व के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
लोग अपने स्तर पर घाट की सफाई और पूजा के लिए जगह तैयार कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। पर्व नजदीक आने के साथ तैयारियों में तेजी आने की उम्मीद है।