Home Blog Page 138

धार्मिक जलसे से लौट रहे बाइक सवार की मौत:श्रावस्ती में साथी सुरक्षित, चालक फरार

श्रावस्ती के हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार कारी इलियास फैजी की मौत हो गई। उनके साथ मौजूद नूरे आलम सुरक्षित बच गए। टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। बुधवार सुबह 8:00 बजे जानकारी मिली कि पुलिस आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रही। गांव में धार्मिक जलसे में शामिल मल्हीपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत शिकारी के मजरा गणेशपुर निवासी 18 वर्षीय कारी इलियास फैजी और नूरे आलम मंगलवार को एक बाइक से पकड़िया गांव में धार्मिक जलसे में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। बहराइच-जमुनहा राज्य मार्ग पर बदला चौकी के सामने मिर्जापुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। कारी इलियास गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि नूरे आलम सुरक्षित बच गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय वाहन से कारी इलियास को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर ले गई। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फरार वाहन चालक की तलाश पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की है। फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कारी इलियास परिवार में सबसे बड़े थे। उनके दो छोटे भाई और तीन छोटी बहनें हैं। उनके पिता मुंबई में रहते हैं और उन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है। घर पर मौजूद मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

आनंद नगर में मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ:दो-चार प्रतिमाओं को छोड़कर बाकी का विसर्जन पूरा

महराजगंज के फरेंदा स्थित नगर पंचायत आनंद नगर में मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। दो-चार प्रतिमाओं को छोड़कर बाकी सभी प्रतिमाओं का विसर्जन पूरा हो गया।
नगर के अलग-अलग पंडालों में स्थापित प्रतिमाओं की पूजा के बाद श्रद्धालु उन्हें विसर्जन के लिए लेकर निकले। यात्रा में महिला, पुरुष और युवा शामिल हुए। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ चल रहे थे।
विसर्जन के दौरान लोग जगह-जगह मां लक्ष्मी के दर्शन करने पहुंचे। यात्रा के दौरान माता के जयकारे लगाए गए। श्रद्धालुओं ने अगले साल फिर आने की कामना के साथ प्रतिमाओं को विदाई दी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। अधिकारियों ने विसर्जन मार्गों पर निगरानी रखी और भीड़ को देखते हुए जरूरी इंतजाम किए।

बस्ती में में किशोरी ने आत्महत्या की:पुलिस ने शव को कब्जे में लिया, कानूनी कार्रवाई जारी

बस्ती के लालगंज थाना क्षेत्र के कबरा खास गांव में मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को 15 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने किशोरी की पहचान अंशू, जितेंद्र कुमार की बेटी और कबरा खास गांव की निवासी के रूप में की है।
ग्राम चौकीदार ने पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद लालगंज के प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया।
पुलिस ने उपनिरीक्षक रामनाथ यादव को पंचायतनामा और अन्य जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर शांति है और मामले में कार्रवाई की जा रही है।

असम में रेल हादसा, कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस के 5 डिब्बे पटरी से उतरे; बचाव अभियान जारी

डिजिटल डेस्क, गुवाहाटी। बुधवार सुबह असम में एक बड़ा ट्रेन हादसा हो गया। गुवाहाटी के बाहरी इलाके दिगारू के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पांच डिब्बे और इंजन पटरी से उतर गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मिजोरम से कोलकाता जा रही यह यात्री ट्रेन अपने इंजन (लोकोमोटिव) समेत पटरी से उतर गई।

सुबह 06:54 बजे हुए हादसा 

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के CPRO का कहना है, ’11 नवंबर की सुबह लगभग 06:54 बजे, असम के दिगारू रेलवे स्टेशन पर ट्रेन नंबर 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को एक दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था। इस दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति को नियंत्रित नहीं कर सके, जिससे ट्रेन पटरी से उतर गई।

इंजन और 5 कोच पटरी से उतरे

इस हादसे में इंजन और 5 कोच पटरी से उतर गए। सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई है। यात्रियों को दूसरी ट्रेन से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए गए हैं, और महाप्रबंधक (जनरल मैनेजर) तथा अन्य अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।’

एकघरवा में गणेश-लक्ष्मी पूजा की आरती हुई:तीसरे दिन ग्रामीण शामिल हुए

श्रावस्ती/सिरसिया के विकासखंड सिरसिया की ग्राम सभा एकघरवा में गणेश-लक्ष्मी पूजा के तीसरे दिन मंगलवार को पूजा-अर्चना हुई। इसके बाद आरती की गई। आरती में पूजा समिति के अध्यक्ष पवन कुमार विश्वकर्मा, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गोपीश्याम बाबा, प्रमोद विश्वकर्मा और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। सभी ने भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की आरती उतारी। पूजा समिति के सदस्यों और ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजन किया जा रहा है। मंदिर परिसर में पूजा के दौरान ग्रामीण मौजूद रहे। पूजा समिति के अनुसार, बुधवार 11 नवंबर 2026 को पूजा-अर्चना के बाद हवन होगा। इसके बाद श्रद्धालुओं और ग्रामवासियों को प्रसाद बांटा जाएगा। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर प्रसाद लेने की अपील की है।

फरेंदा में भाजपा ने संगठन मजबूत करने पर चर्चा की:बैठक में बूथ स्तर तक काम और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल बढ़ाने पर जोर

महराजगंज के फरेंदा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की संगठनात्मक बैठक हुई। इसमें बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल बढ़ाने पर चर्चा की गई। बैठक परमेश्वर सिंह मेमोरियल कॉलेज ऑफ फार्मेसी, मधुकरपुर महदेवा में हुई। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की आगामी योजनाओं पर भी विचार किया। जिला प्रभारी नरेंद्र त्रिपाठी मुख्य अतिथि रहे। विधानसभा प्रभारी डॉ. आरडी सिंह ने बैठक की अध्यक्षता की। पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह भी मौजूद रहे। बैठक में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री विवेका पाण्डेय, जिला महामंत्री मधुर सिंह, जिला उपाध्यक्ष शैलेश पांडेय और बृजमनगंज नगर पंचायत के चेयरमैन राकेश जायसवाल शामिल हुए। पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र चौहान, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष हृदय उपाध्याय, मंडल प्रभारी बच्चूलाल चौरसिया और विशुनदेव चौरसिया भी मौजूद रहे। मंडल अध्यक्ष दिलीप गुप्ता, राहुल सिंह, हीरा गुप्ता, बृजेश चौधरी और नीतेश मिश्रा समेत मंडल महामंत्री, पार्टी पदाधिकारी और पूर्व पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, आपसी तालमेल बेहतर करने और आगामी योजनाओं को लागू करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की ताकत हैं और उनका सामूहिक प्रयास संगठन को आगे बढ़ाने में मदद करता है। बैठक में पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। ‘संगठन सर्वोपरि, बूथ मजबूत तो भाजपा मजबूत’ के संकल्प के साथ बैठक खत्म हुई।

वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने से बच सकती हैं 90 लाख से अधिक जिंदगियां, कैंब्रिज विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं का दावा

पीटीआई, नई दिल्ली। दुनिया के निम्न और मध्यम आय वाले देश विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के स्वच्छ वायु मानकों को लागू कर लें और वायु प्रदूषण को नियंत्रित करें तो हर साल 90 लाख से अधिक लोगों की जान बचाई जा सकती है।

ब्रिटेन के कैंब्रिज विश्वविद्यालय सहित कई संस्थानों के शोधकर्ताओं ने 136 निम्न और मध्यम आय वाले देशों में वायु प्रदूषण के स्वास्थ्य और आर्थिक प्रभावों का आकलन करने के बाद यह दावा किया। यह अध्ययन प्रतिष्ठित जर्नल ‘एनवायरनमेंट इंटरनेशनल’ में प्रकाशित हुआ है।

शोधकर्ता एनलन नवरत्नम के मुताबिक, वायु प्रदूषण पर नियंत्रण से समय से पहले होने वाली मौतें घटेंगी, जीवन की गुणवत्ता सुधरने के साथ आर्थिक और सामाजिक लाभ भी होंगे।

डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, हवा में पीएम2.5 का वार्षिक स्तर अधिकतम पांच माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और नाइट्रोजन डाइआक्साइड (एनओ2) का स्तर 10 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर होना चाहिए। पीएम2.5 बेहद महीन कण होते हैं, जो सांस के जरिये फेफड़ों में पहुंच सकते हैं। वाहनों का धुआं, औद्योगिक गतिविधियां इनके प्रमुख स्रोत हैं। वहीं, एनओ2 मुख्य रूप से जीवाश्म ईंधन जलाने से निकलती है।

शोधकर्ताओं ने कहा कि वायु प्रदूषण पूरी दुनिया में स्वास्थ्य के लिए खतरा है, लेकिन इसका असर निम्न और मध्यम आय वाले देशों के लोगों पर असमान रूप से अधिक पड़ता है।

वायु प्रदूषण से दिल और फेफड़ों की बीमारियों में वृद्धि होती है। ये बीमारियां न केवल व्यक्तियों और परिवारों पर मानसिक बोझ डालती हैं, बल्कि स्वास्थ्य देखभाल के खर्च के रूप में इन पर भारी आर्थिक बोझ भी पड़ता है। डब्ल्यूएचओ के दिशानिर्देशों को पूरा करने से बीमारियों में कमी आएगी और काफी बचत भी होगी। इससे स्वास्थ्य सेवा पर खर्च घटेगा और उत्पादकता बढ़ेगी।

पीएम2.5 के लिए डब्ल्यूएचओ के अंतरिम लक्ष्य-3 को हासिल करने पर सालाना मृत्यु में 16.04 प्रतिशत यानी करीब 65.8 लाख की कमी आ सकती है। वहीं, पूर्ण वायु गुणवत्ता दिशानिर्देश (एक्यूजी) का पालन करने पर 22.97 प्रतिशत यानी 94.3 लाख मौतें रोकी जा सकती हैं।

सालाना मृत्यु दर में इस कमी से क्रमशः 5.5 ट्रिलियन अंतरराष्ट्रीय डॉलर (निम्न और मध्यम आय वाले देशों के कुल जीडीपी का सात प्रतिशत) और 8.4 ट्रिलियन अंतरराष्ट्रीय डॉलर (जीडीपी का 10.7 प्रतिशत) की बचत हो सकती है। अंतरराष्ट्रीय डालर काल्पनिक मुद्रा है, जिसकी अमेरिका में क्रय शक्ति अमेरिकी डॉलर के बराबर होती है।

पीएम2.5 नियंत्रण के पूर्ण लक्ष्य पर सालाना इस्केमिक हार्ट डिजीज के 73 लाख, स्ट्रोक के 23 लाख, सीओपीडी के 28.2 लाख और डिमेंशिया के 11 लाख मामलों में कमी का अनुमान है। इस्केमिक हार्ट डिजीज में दिल की मांसपेशियों को पर्याप्त मात्रा में रक्त और आक्सीजन नहीं मिल पाती है। सीओपीडी फेफड़ों की गंभीर बीमारी है।

Lakshmi Puja Visarjan 2026 | Dubhauliya Basti Bhandara Prasad News

दुबौलिया बाजार में लक्ष्मी पूजा विसर्जन से पूर्व भव्य भंडारे का आयोजन, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

.

बस्ती। जिले के दुबौलिया बाजार में मां लक्ष्मी पूजा के विसर्जन से पूर्व भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और मां लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम में भक्तिमय माहौल बना रहा। आयोजन को सफल बनाने में मुख्य आयोजक श्री सचिन मद्धेशिया, सुजीत मद्धेशिया, राजू, धीरज कसौधन एवं राजेन्द्र प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण कर सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

भंडारे के आयोजन से दुबौलिया बाजार में उत्साह और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

छत्तीसगढ़ में जंगली हाथी ने फिर तीन को मारा, छह महीनों में ली 17 की जान

जेएनएन, अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में कबरा के नाम से कुख्यात जंगली हाथी ने दो दिन में तीन और लोगों को कुचलकर मार डाला है। इस हाथी ने पिछले छह महीनों में 17 लोगों की जान ले ली है।

दीपावली की रात सूरजपुर जिले में कृष्णा राजवाड़े व मोहनलाल कंवर को इस हाथी ने कुचलकर मार डाला। इसके बाद उसने अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर बिशुन राम को भी कुचल दिया।

हालांकि, इन हादसों के बाद भी हाथी को ट्रेंक्यूलाइज कर कॉलर आइडी लगाने की अनुमति अब तक वन मुख्यालय से नहीं मिल सकी है।

सरगुजा के मुख्य वन संरक्षक डॉ. प्रणय मिश्रा ने बताया कि योजना के तहत प्रशिक्षित हाथियों की मदद से कबरा को ट्रेंक्यूलाइज किया जाएगा और कॉलर आइडी लगाई जाएगी। फिर उसे ट्रक से हाथियों के समूह वाले घने वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा।

कॉलर से उसकी लोकेशन और व्यवहार पर नजर रखी जाएगी। व्यवहार नहीं बदला, तो उसे रेस्क्यू सेंटर में रखा जाएगा। सभी संसाधन तैयार हैं और एक सप्ताह के भीतर अभियान शुरू होने की उम्मीद है। सूरजपुर के वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल ने बताया कि प्रस्ताव भेजा गया है और जल्द अनुमति मिलने की संभावना है।

सोनवा में खुली नाली बह रही, क्रॉस नाली टूटी:दुर्गंध और मच्छरों से लोग परेशान; डेंगू, मलेरिया समेत बीमारियों का खतरा

श्रावस्ती जिले की सोनवा ग्राम सभा में सड़क किनारे खुली नाली बह रही है। क्रॉस नाली भी टूटी हुई है। इससे इलाके में दुर्गंध फैल रही है और मच्छर बढ़ रहे हैं।
और इस टूटी हुई नाली को बच्चों को आने जाने मे दिक्कत बच्चे इसी मे गिर जाते क्रॉस नहीं कर पाते और मछर के आतंक से अगल बगल रहने वाले लोग काफी प्रभावित रहते है
स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड और कालाजार जैसी बीमारियां फैलने का खतरा है।
इस बारे में सूरज, उमेश, राकेश, सचिन और अनूप ने जानकारी दी। यह इलाका सोनवा थाना क्षेत्र और गिलौला ब्लॉक में आता है।