डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ऑनलाइन शापिंग के जरिये स्थानीय स्तर पर प्रतिबंधित एंटी ड्रोन गन की बिक्री के प्रयासों ने सबको चौंका दिया है। लिहाजा, केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने एयरवन रोबोटिक्स प्राइवेट लिमिटेड पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
कंपनी को ई-कामर्स प्लेटफार्म ‘इंडियामार्ट’ पर ‘एंटी-ड्रोन गन वीकेएसपी03-प्रो’ बिक्री के लिए सूचीबद्ध करने, जरूरी जानकारी नहीं देने और नियामकीय मंजूरियां नहीं लेने का दोषी पाया गया। प्राधिकरण ने कहा कि बंगाल स्थित कंपनी ने उपभोक्ताओं को गुमराह किया और अनुचित व्यापार व्यवहार किया।
एयरवन रोबोटिक्स पर 10 लाख रुपये का जुर्माना
उपभोक्ता मामलों के नियामक सीसीपीए ने आदेश में कहा कि कंपनी ने लागू कानूनी जरूरतों का पालन किए बिना प्रतिबंधित उत्पाद का विज्ञापन और बिक्री की पेशकश कर उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन किया।
नोएडा बेस्ड कंपनी इंडियामार्ट पर एंटी-ड्रोन गन को 8.30 लाख रुपये की कीमत के साथ सूचीबद्ध किया गया था। इसके साथ विस्तृत तकनीकी जानकारी और ‘स्टाक में उपलब्ध’ का टैग भी था, जिससे संभावित खरीदारों को उत्पाद बेचने और उसका विपणन करने का स्पष्ट इरादा जाहिर होता था।
कंपनी को 15 दिनों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। प्रेट्र के अनुसार मार्च 2026 में स्थापित एयरवन रोबोटिक्स का पंजीकृत कार्यालय बंगाल के हावड़ा में है।
बिना मंजूरी प्रोडक्ट बेचना अनुचित व्यापार व्यवहार
कंपनी मशीनरी व उपकरणों के विनिर्माण व थोक कारोबार, इंजीनियरिंग, तकनीकी परामर्श व रडार उपकरण, जीपीएस डिवाइस, पहचान व नेविगेशन उपकरणों के विनिर्माण में लगी है। एयरवन रोबोटिक्स ने दावा किया कि उत्पाद काम नहीं करने वाली प्रतिकृति थी और इसे वास्तविक इस्तेमाल के लिए नहीं बनाया गया था।
हालांकि सीपीए के अनुसार, विज्ञापनदाता अपने विज्ञापनों और उत्पाद की लिस्टिंग में किए दावों और प्रस्तुतियों के लिए जवाबदेह होते हैं।
जरूरी कानूनी मंजूरियां लिए बिना प्रतिबंधित इलेक्ट्रानिक युद्ध उपकरण को सूचीबद्ध करना और जामर व संबंधित दूरसंचार उपकरणों पर कैबिनेट सचिवालय के दिशानिर्देशों के तहत अनिवार्य जानकारी नहीं देना, उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के तहत भ्रामक विज्ञापन व अनुचित व्यापार व्यवहार है।
एंटी-ड्रोन गन वायरलेस सिग्नल भेजने या जाम करने वाले उपकरण हैं, जिन्हें लाइसेंस प्राप्त जीपीएस व रेडियो फ्रीक्वेंसी स्पेक्ट्रम में बाधा डालने के लिए बनाते हैं। ये प्रतिबंधित रेडियो संचार उपकरणों की श्रेणी में आते हैं।
(न्यूज एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)

















