Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home क्राइम 25 साल पूरे होने पर मोदी ने विकसित भारत से लेकर मेड-इन-इंडिया...

25 साल पूरे होने पर मोदी ने विकसित भारत से लेकर मेड-इन-इंडिया पर की चर्चा

0
4

  • ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में  पीएम मोदी का संबोधन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में अपने 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर दिल्ली के इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पीएम मोदी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा किए और देश के भविष्य को लेकर कई बड़े संकल्पों का जिक्र किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को अपने निर्धारित लक्ष्यों तक पहुंचाने के लिए दूरदर्शी नीतियों के साथ कड़ी मेहनत की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अब आराम करने या पीछे मुड़कर देखने का समय नहीं है, बल्कि पूरे उत्साह और समर्पण के साथ देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का समय है।

‘दुनिया भारतीय पायलट की चर्चा कर रही है’
पीएम मोदी ने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि आज दुनिया भारतीय पायलट की चर्चा कर रही है। उन्होंने कहा कि वह दिन भी दूर नहीं है, जब पूरी दुनिया ‘मेड-इन-इंडिया’ विमानों की बात करेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह लक्ष्य केवल भाषणों से हासिल नहीं होगा, बल्कि इसके लिए भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नीतियां बनानी होंगी और पूरी ताकत से मेहनत करनी होगी।

आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की कार्रवाई का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के आकाओं के खिलाफ घर में घुसकर कार्रवाई की गई और दुश्मनों को भारत की ताकत का एहसास कराया गया। पीएम मोदी ने इसे आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ नीति और निर्णायक कार्रवाई से जोड़कर पेश किया।

‘25 साल का जनविश्वास और अनुभव बड़ी पूंजी’
अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इतने वर्षों का जनविश्वास और अनुभव उनके लिए बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि यह पूंजी केवल उनकी नहीं, बल्कि देश की है। प्रधानमंत्री ने अपने विद्यार्थी जीवन को याद करते हुए कहा कि सीखने की इच्छा उनके जीवन का निरंतर हिस्सा रही है और वह आज भी खुद को विद्यार्थी मानते हैं।

उन्होंने कहा कि जीवन की हर घटना ने उन्हें कुछ न कुछ सिखाया। जिसने उन्हें गिराया, उसने उठना सिखाया और जिसने विरोध किया, उसने लोकतंत्र की ताकत को समझने का अवसर दिया। पीएम मोदी के मुताबिक, हर चुनौती ने उनके धैर्य की परीक्षा ली, जबकि हर सफलता ने बड़े लक्ष्यों की ओर बढ़ने की प्रेरणा दी।

‘हम सेवक हैं, सेवा हमारा धर्म है’
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की महान परंपरा और हजारों वर्षों के अनुभव ने उन्हें कभी अकेला महसूस नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सेवा की भावना सबसे बड़ी ताकत है। पीएम मोदी ने कहा, “हम सेवक हैं और सेवा हमारा धर्म है।” उन्होंने दीन-दुखियों की सेवा को भी समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी बताया।

पुराने सफर को याद करने के बजाय नए संकल्पों पर जोर
पीएम मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन की यात्रा में साथ देने वाले स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल बीते सफर को याद करने का नहीं, बल्कि नए संकल्पों को नई ऊर्जा देने का है।

प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने ‘हम करके रहेंगे’ का संदेश देते हुए कार्यकर्ताओं में उत्साह भरा।

विकसित भारत से आत्मनिर्भर भारत तक गिनाए लक्ष्य
पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं के साथ कई बड़े राष्ट्रीय लक्ष्यों का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करना है, भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करना है।

उन्होंने ओलंपिक की मेजबानी और अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत की बड़ी उपलब्धियों का भी जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में जिस तरह का आत्मविश्वास और ऊर्जा दिखाई दे रही है, वह भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की ताकत रखती है।

संबंधित खबरें
MNT NEWS BHARAT
अब आपके WhatsApp पर
MNT NEWS BHARAT से जुड़ें और हर जरूरी खबर सबसे पहले पाएं
WhatsApp ग्रुप से जुड़ें ➜

Follow @mntnewsbharat