- ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर राहुल-प्रियंका का प्रदर्शन
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को लगातार दूसरे दिन प्रदर्शन किया। दोनों नेताओं ने जंतर-मंतर की ओर बढ़ने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों ने उन्हें करीब 200 मीटर पहले ही रोक दिया। इसके बाद राहुल और प्रियंका सड़क पर बैठ गए।
सुरक्षाबलों द्वारा आगे जाने की अनुमति नहीं मिलने पर प्रियंका गांधी संविधान की प्रति लेकर सड़क पर लेट गईं। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
विपक्षी सांसदों के साथ लंच के बाद निकले
प्रदर्शन से पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी विपक्षी सांसदों के साथ सागर रत्ना रेस्टोरेंट पहुंचे थे। यहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से लंच का आयोजन किया गया था। हालांकि, इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेता लंच में शामिल नहीं हुए।
लंच के बाद विपक्षी सांसद जंतर-मंतर की ओर रवाना हुए। राहुल गांधी ने रास्ते में मीडिया की ओर हाथ हिलाया और विक्ट्री साइन भी दिखाया। जंतर-मंतर जाने की कोशिश के दौरान पुलिस ने राहुल, प्रियंका समेत INDIA ब्लॉक के कुछ अन्य सांसदों को हिरासत में ले लिया।
एक दिन पहले भी हुआ था प्रदर्शन
इससे एक दिन पहले INDIA ब्लॉक के 200 से अधिक सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग के कार्यालय तक मार्च निकालने की कोशिश की थी। सुरक्षा बलों ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया था। इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने आकाशवाणी परिसर में करीब आठ घंटे तक धरना दिया था।
प्रदर्शन के दौरान दोनों नेताओं को दो बार हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई। आकाशवाणी परिसर में कथित तौर पर जबरन प्रवेश करने के मामले में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ FIR भी दर्ज की गई है।
प्रियंका गांधी ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि INDIA ब्लॉक के सांसदों को जंतर-मंतर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है और उनकी बस को भी रोक दिया गया है। उन्होंने मौके पर मौजूद सुरक्षाबलों की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि सभी लोग देख सकते हैं कि वहां क्या हो रहा है।
“खबर वही, जो सबसे पहले आप तक पहुँचे!
भारत की अपनी खबर, आपके अपने अंदाज़ में
📲 ब्रेकिंग • लोकल • ट्रेंडिंग खबरों के लिए अभी जुड़ें:
👉 https://t.co/g7ivX40QAK“आपकी खबर, आपका MNT”
https://t.co/vwEVHjJMzQ https://t.co/z3JMz4j0Td
— Mnt News Bharat (@mntnewsbharat) October 5, 2026























