डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मद्रास हाई कोर्ट की मदुरै बेंच ने मंगलवार को तमिलनाडु सरकार और सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर ‘कार्तिगई दीपम’ उत्सव के दौरान दीपक जलाने की अनुमति देने वाले सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करें।
कोर्ट ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि तिरुपरनकुंद्रम में लागू निषेधाज्ञा के तहत जिन लोगों को गैर-कानूनी तरीके से हिरासत में लिया गया है, उन्हें रिहा किया जाए। दीपम कार्यक्रम से पहले कड़ी सुरक्षा और पाबंदियों के बीच, यह निर्देश जिला कलेक्टर, पुलिस कमिश्नर और मंदिर प्रशासन को दिया गया।
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को पहाड़ी की चोटी पर स्थित ‘दीपाथून’ (स्तंभ) पर एक बार दीपक जलाने की अनुमति दी थी, लेकिन इसके क्रियान्वयन को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद हाई कोर्ट को हस्तक्षेप करना पड़ा।
दीपम जलाने से पहले 258 लोग हिरासत में
राज्य सरकार ने हाई कोर्ट को बताया कि खुफिया जानकारी और पिछले बर्ताव को देखते हुए गड़बड़ी की आशंका के चलते 258 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
इस बीच, तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, जिन्हें तिरुपरनकुंद्रम जाने की कोशिश के दौरान नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया गया था, उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि वे उन्हें उनके मौलिक अधिकारों का इस्तेमाल करने से रोक रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘कानूनी रूप से वैध निषेधाज्ञा के न होने के बावजूद, पुलिस मुझे मंदिर में प्रार्थना करने के लिए जाने से रोक रही है। गिरफ्तारी के नाम पर हमें अपने घरों से बाहर निकलने से रोकना, किसी व्यक्ति के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है।’
भाजपा अध्यक्ष ने किया मौलिक अधिकारों का दावा
संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 का हवाला देते हुए, नागेंद्रन ने कहा कि नागरिकों को अपनी आस्था के अनुसार पूजा करने और धार्मिक गतिविधियों का स्वतंत्र रूप से पालन करने का अधिकार है।
उन्होंने कहा, ‘हालांकि, तमिलनाडु में इन मौलिक अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद, तिरुपरनकुंद्रम जैसी पवित्र जगहों पर पारंपरिक दीपक जलाने और प्रार्थना करने पर पाबंदी को कैसे सही ठहराया जा सकता है?’
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सुबह से ही उनके घर के बाहर लगभग 200 पुलिसकर्मी तैनात हैं और जब वह अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने गए, तब भी पुलिस की गाड़ियां उनके पीछे थीं। ,इस तरह के दमनकारी काम सिर्फ तमिलनाडु में हो रहे हैं, किसी और राज्य में ऐसा देखने को नहीं मिलता।
मुद्दों से भटका रही है सरकार: नागेंद्रन
नागेंद्रन ने राज्य सरकार पर यह आरोप भी लगाया कि वह इन पाबंदियों का इस्तेमाल जनता का ध्यान अन्य मुद्दों से भटकाने के लिए कर रही है। इन मुद्दों में सत्तारूढ़ दल के सदस्यों और विधायकों पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोप और कल्लाकुरिची की घटना शामिल हैं।
यह विवाद हिंदू समूहों और कुछ भक्तों की उस मांग को लेकर है, जिसमें वे वार्षिक ‘कार्तिगई दीपम’ उत्सव के दौरान तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी के ऊपरी हिस्से पर मौजूद पत्थर के खंभे, जिसे ‘दीपाथून’ कहा जाता है, वहां पारंपरिक तेल का दीपक जलाना चाहते हैं।
यह मुद्दा पिछले तीन दशकों से अधिक समय से चर्चा में है, जिसे लेकर मंदिर प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए हैं, सरकार की मध्यस्थता में शांति बैठकें हुई हैं और कानूनी कार्यवाही भी चली है।
दीपाथून विवाद क्या है?
थिरुप्पारनकुंड्रम पहाड़ी पर हर साल मनाए जाने वाले कार्तिगई दीपम उत्सव को लेकर एक पुराना विवाद चल रहा है। हिंदू समूह और भक्त इस पहाड़ी की ऊपरी हिस्से में स्थित एक पत्थर के खंभे (जिसे दीपाथून कहते हैं) पर पारंपरिक तेल का दीपक जलाना चाहते हैं।
सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर पहाड़ी की तलहटी में है। पहाड़ी पर एक शिव मंदिर भी है, जबकि चोटी के पास सिकंदर बदुशा दरगाह स्थित है। हिंदू संगठन लगभग 100 साल पुराने अदालती फैसलों का हवाला देते हुए कहते हैं कि यह पत्थर का खंभा मंदिर का है, इसलिए उस पर दीप जलाना उनका अधिकार है।
यह मांग पिछले 30 साल से ज्यादा समय से मंदिर प्रशासन, सरकारी शांति बैठकों और अदालतों में चल रही है। दूसरी तरफ, दरगाह के अधिकारी और मुस्लिम संगठन इसका विरोध कर रहे हैं।
उनका कहना है कि दीप जलाने की जगह उनके पूजा स्थल के बहुत करीब है, इसलिए वे इसे स्वीकार नहीं करते। इस विवाद में मुख्य मुद्दा मालिकाना हक और दोनों पक्षों के अधिकारों का है।
सुप्रीम कोर्ट का आदेश
20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने एक बार के लिए अनुमति दे दी कि 24 नवंबर को सिकंदर बदुशा दरगाह के पास पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपाथून पर कार्तिगई दीपम का दीप जलाया जा सकता है। कोर्ट ने साफ कहा कि यह काम सिर्फ अधिकृत टीम ही करेगी।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहाड़ी पर आम लोगों, जुलूसों और सभाओं पर रोक लगा दी गई है। इसी बीच मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै पीठ (जिसकी अध्यक्षता न्यायमूर्ति जी.आर. स्वामीनाथन कर रहे हैं) ने जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों को लेकर अधिकारियों को तलब किया है। यह विवाद लंबे समय से चला आ रहा है और दोनों पक्ष अपने-अपने दावे पर अड़े हुए हैं।
















