उत्तर प्रदेश शासन द्वारा श्रावस्ती जनपद को 6 नई पीआरवी स्कॉर्पियो गाड़ी आवंटित की गई हैं। इनका उद्देश्य भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना और आमजन को त्वरित पुलिस सहायता प्रदान करना है।
आज 29 अक्टूबर 2025 को पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी और अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से इन छह पीआरवी स्कॉर्पियो वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इंडो-नेपाल बॉर्डर पर निरंतर गश्त
ये नवीन पीआरवी वाहन मुख्य रूप से थाना सिरसिया और थाना मल्हीपुर क्षेत्र के इंडो-नेपाल बॉर्डर पर निरंतर गश्त, सतर्क निगरानी और नागरिकों को त्वरित सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित किए जाएंगे।
ये वाहन जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, वायरलेस संचार व्यवस्था, बॉडी वॉर्न कैमरा, मोबाइल डाटा टर्मिनल (MDT) और सीयूजी मोबाइल फोन जैसी अत्याधुनिक तकनीकों से सुसज्जित हैं। इससे पुलिस बल की प्रतिक्रिया क्षमता, पारदर्शिता और जनविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
इन वाहनों में मेडिकल किट और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। इससे पुलिसकर्मी सड़क दुर्घटना, प्राकृतिक आपदा या किसी भी आकस्मिक स्थिति में आमजन को तुरंत प्राथमिक उपचार और आवश्यक सहयोग प्रदान कर सकेंगे।

















