सुरवार खुर्द–फूलवारिया मार्ग पर जलजमाव, दलित बस्ती के लोगों ने लगाया रास्ता रोकने का आरोप

0
6

रुधौली/बस्ती। ग्राम पंचायत सुरवार खुर्द से फूलवारिया गांव को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर लंबे समय से भारी जलजमाव की समस्या बनी हुई है, जिससे आने-जाने में ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से दलित बस्ती के लोगों ने आरोप लगाया है कि रास्ते पर काफी पहले पट्टे की जमीन आवंटित की गई थी लेकिन गांव के ही कुछ दबंग लोगों द्वारा बांध बनाकर पानी रोका जा रहा है, जिसके कारण जलभराव और ज्यादा बढ़ गया है।

ग्रामीणों के अनुसार पानी कई दिनों से जमा है और आसपास की गलियों व घरों के सामने कीचड़ फैल गया है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि हालात ऐसे हैं कि बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का निकलना भी मुश्किल हो गया है।

इस मामले में जब तहसीलदार डॉ. रवि यादव से बात की गई तो उन्होंने कहा कि—
“सभी पीड़ित लोग अपने कागजात लेकर तहसील मुख्यालय आएं और संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करें। जांच के बाद विधिक कार्यवाही की जाएगी।”

ग्रामीण आशा, गुड़िया, अजय व अन्य लोगों ने मांग की है कि मार्ग पर अवरोध हटाकर नाली से जलनिकासी की तत्काल व्यवस्था कराई जाए। उनका कहना है कि अगर पानी जल्द नहीं निकला तो संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाएगा और लोग बीमार हो सकते हैं।

स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे बाध्य होकर प्रशासनिक कार्यालयों तक सामूहिक रूप से पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे।