मुठभेड़ में बदमाशों से आमना-सामना, गोली लगने से सिपाही घायल, तीन इनामी अपराधी गिरफ्तार

0
8
 

बदायूं के सिविल लाइंस क्षेत्र में महिला से हुई लूट की सनसनीखेज वारदात के खुलासे के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाशों की फायरिंग में एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गया, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों इनामी बदमाशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

सिपाही को लगी गोली

मंगलवार रात थाना सिविल लाइंस पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम संयुक्त रूप से बिल्सी रोड स्थित नई जेल के पास जंगल क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे बदमाशों ने पुलिस टीम को देखते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुए हमले में आरक्षी दीपक कुमार को गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े। प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस बाल-बाल बच गए। हालात को देखते हुए पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीनों बदमाश घायल हो गए और मौके से ही पकड़ लिए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि घायल सिपाही खतरे से बाहर है। पुलिस टीम की तत्परता और साहस के चलते बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों को गिरफ्तार किया जा सका।

पुलिस के अनुसार, 20 दिसंबर की शाम रिगालिया गार्डन कॉलोनी निवासी प्रीति वर्मा मंदिर से घर लौट रही थीं। तभी चार बदमाश उनके पीछे घर में घुस आए और महिला को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। बदमाश घर से 32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल, नकदी, मोबाइल फोन, लैपटॉप और सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए थे।

लूट का सामान बरामद

मुठभेड़ में गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दीपक गौतम उर्फ मोनू, संतोष यादव और जसविंदर उर्फ काके के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि तीनों पहले जेल में साथ रह चुके हैं और वहीं उन्होंने गिरोह बनाकर लूट की साजिश रची थी। पुलिस ने उनके पास से लूट का सामान, नकदी और अवैध हथियार बरामद किए हैं।