26 जनवरी को उत्कृष्ट सेवा के लिए यूपी पुलिस के 715 जवानों को मिलेगा सम्मान

0
1

गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस के 715 अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और विशिष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी की गई सूची के अनुसार यह सम्मान प्रदेश के अलग-अलग जिलों, पुलिस कमिश्नरेट, एसटीएफ, पीएसी, यूपी-112, रेडियो मुख्यालय, सुरक्षा मुख्यालय और अन्य विशेष इकाइयों में तैनात पुलिसकर्मियों को दिया जाएगा।

इनको मिलेगा सम्मान

सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों में अधिकारी, उपनिरीक्षक, आरक्षी और अन्य कर्मचारी शामिल हैं, जिन्होंने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में अनुकरणीय प्रदर्शन किया है। इन सभी को उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह, सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह और प्रशंसा चिन्ह प्रदान किए जाएंगे। प्रशंसा चिन्ह तीन श्रेणियों में दिए जाएंगे, जिनमें स्वर्ण, रजत और प्लेटिनम शामिल हैं।

Image

पुलिस मुख्यालय के अनुसार यह सम्मान उन पुलिसकर्मियों को दिया जा रहा है, जिन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, आपातकालीन सेवाओं, आतंकवाद और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई, भीड़ नियंत्रण, चुनाव ड्यूटी, आपदा प्रबंधन और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। कई पुलिसकर्मियों ने कठिन परिस्थितियों में अपनी जान जोखिम में डालकर कर्तव्य निभाया, जिसे देखते हुए उन्हें इस सूची में शामिल किया गया है।

Image

मनोबल बढ़ाने का काम करता है ये सम्मान

गणतंत्र दिवस के मौके पर मिलने वाला यह सम्मान पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ अन्य कर्मियों को भी बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करेगा। पुलिस विभाग का मानना है कि ऐसे सम्मान न सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धियों को पहचान देते हैं, बल्कि पूरी फोर्स में समर्पण और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।