राज्यपाल आनंदी बेन पटेल मंगलवार को बस्ती पहुंच रही हैं। वे यहां पर स्थापित गरिमा गृह का उद्घाटन करेंगी। प्रशासन ने कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर ली है। चार जोन में बांट कर सुरक्षा से लेकर अन्य व्यवस्था की जिम्मेदारी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को दी गई है। राज्यपाल हेलीकॉप्टर से चलकर सुबह 9.50 बजे पुलिस लाइन के हेलीपैड पर उतरेंगी। यहां से स्टाफ कार से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगी। सुबह 10 बजे ट्रांसजेंडरों के लिए स्थापित गरिमा गृह के उद्घाटन समारोह में भाग लेंगी। यहां पर एक घंटे 10 मिनट तक मौजूद रहेंगी। 11.15 बजे कार से पुलिस लाइन के हेलीपैड पर पहुंचेंगी।
उसके बाद हेलीकॉप्टर से बलरामपुर जिले के लिए रवाना हो जाएंगी। कार्यक्रम स्थल लैबुड़वा ताल में है। वहीं से सटा भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना गरिमा गृह है, जिसका उद्घाटन होगा। सुरक्षा व कानून व्यवस्था के लिहाज से पूरे कार्यक्रम को चार जोन में बांटा गया है। पहले जोन में हेलीपैड है। दूसरे जोन में हेलीपैड से कंपनीबाग तक का क्षेत्र है। तीसरे जोन में कंपनीबाग से रौता चौराहा के आगे कार्यक्रम स्थल मोड़ तक और चौथे जोन में कार्यक्रम स्थल है। पहले जोन में एसडीएम मनोज प्रकाश, द्वितीय जोन में एसडीएम शशिबिन्द द्विवेदी, तृतीय जोन में उमाकांत तिवारी और चौथे जोन में एसडीएम शत्रुहन पाठक को तैनात किया गया है। इन चारो जोन में 13 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। फ्लीट के लिए एसडीएम हिमांशु कुमार, सेफ हाउस और अन्य व्यवस्था के लिए डीएसओ विमल कुमार द्विवेदी, भोजन सैम्पलिंग के लिए डीईओ चितरंजन को तैनात किया गया है। संपूर्ण कार्यक्रम के नोडल एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान को बनाया गया है।

















