(बस्ती)। शंकरपुर गांव में हाईवे के किनारे एक गड्ढे में एकत्र एक ज्वलनशील कैमिकल के संपर्क में आने से 14 बकरियां और एक बछड़ा झुलस गया। जिससे मवेशियों की स्थिति गंभीर है। सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर छावनी थाना क्षेत्र के हाईवे पर कवलपुर गांव के पास बने कट पर हुई दुर्घटना में एक केमिकल लदा टैंकर क्षतिग्रस्त हो गया था जिसमें रिसाव शुरू हो गया।
चालक नें टैंकर को घटनास्थल से एक किमी दूर शंकरपुर गांव के पास हाईवे के किनारे लाकर खड़ा कर दिया था। टैंकर में हो रहे रिसाव चलते केमिकल बगल में बने गड्ढे में इकट्ठा हो गया। मंगलवार को दिन में करीब 11 बजे अकवारा गांव निवासी शबनम, आयसा, फिज़ा बानो,जुमा मुहम्मद, लाल मुहम्मद, नजमा, करीम समेत करीब एक दर्जन लोग बकरियां चराने निकले थे कि उनकी बकरियां चरते हुए गड्ढे के समीप पहुंच गई और संपर्क में आने से 14 बकरियां झुलस गईं।

















