बस्ती में दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार:पैकोलिया पुलिस ने पश्चिम बंगाल से दबोचा, कोर्ट में पेश किया

0
3

बस्ती की पैकोलिया पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम से संबंधित एक मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।

पुलिस के अनुसार, थाना पैकोलिया में दर्ज इस गंभीर मामले में आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गफ्फार अली पुत्र अतीकुर्रहमान के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेल्डांगा थाना क्षेत्र के मझमपुर का निवासी है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को बस्ती न्यायालय भेज दिया गया।

प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू ने बताया कि महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू के साथ उपनिरीक्षक हेसामुद्दीन खां, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार गौड़ और कांस्टेबल धर्मवीर सिंह शामिल थे।