त्योहारों पर अराजकता बर्दाश्त नहीं: CM योगी के UP Police को सख्त निर्देश, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के आदेश

0
2
लखनऊ। आगामी होली, महाशिवरात्रि, रमजान सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने साफ कहा कि त्योहारों के दौरान माहौल बिगाड़ने या रंग में भंग डालने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों से सख्ती से निपटा जाए।

सीएम ने कहा ये

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने दो से चार मार्च तक मनाए जाने वाले होली पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि होलिका दहन केवल पारंपरिक स्थलों पर ही हो और किसी भी सूरत में सड़क के बीच आयोजन न किया जाए। शोभायात्राओं में उपद्रवी तत्वों की घुसपैठ रोकने और सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने के आदेश भी दिए गए।

महाशिवरात्रि पर वाराणसी, मेरठ, लखीमपुर खीरी और बाराबंकी समेत प्रमुख शिवधामों में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और महिला सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने को कहा गया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें अलर्ट रहेंगी।

पुलिस को दिए निर्देश

रमजान और संभावित ईद के मद्देनजर भी पुलिस को सतर्क रहने तथा धर्मगुरुओं से संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन कराने, अवैध शराब पर कार्रवाई, रात 10 बजे के बाद तेज ध्वनि पर रोक और आपातकालीन एंबुलेंस सेवाओं के रिस्पांस टाइम में सुधार के भी आदेश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा और पुलिस पूरी सख्ती के साथ शांति और सौहार्द सुनिश्चित करे।