हादसे से पांच सेकेंड पहले 162 किमी प्रति घंटा थी मिनी कूपर की रफ्तार, रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

0
1

पीटीआई, कोच्चि। केरल के कोच्चि में पिछले महीने मिनी कूपर कार से हुई दुर्घटना मामले में कार बनाने वाली कंपनी बीएमडब्ल्यू की तकनीकी जांच रिपोर्ट से पता चला है कि हादसे से पांच सेकेंड पहले कार 162 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी।

पुलिस ने बताया कि बीएमडब्ल्यू के क्रैश डाटा विश्लेषण में यह भी सामने आया कि चालक और मामले के मुख्य आरोपित सुहैल ने दोपहिया वाहन से टकराने से करीब एक सेकंड पहले ब्रेक लगाए थे। उस समय कार की रफ्तार 144 किमी प्रति घंटा थी।

पुलिस के मुताबिक, बीएमडब्ल्यू ने कार के एडवांस्ड क्रैश सेफ्टी मॉड्यूल (एसीएसएम) में दर्ज डाटा का विश्लेषण करने के बाद गुरुवार को यह रिपोर्ट सौंपी है।

सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण में भी सामने आया था कि कार ने महज 11 सेकंड में 500 मीटर की दूरी तय की थी। यह हादसा 11 अक्टूबर को कोच्चि के नेदुम्बसेरी इलाके में हुआ था।

आरोप है कि शराब के नशे में तेज रफ्तार मिनी कूपर चला रहे सुहैल ने स्कूटर को टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि स्कूटर पर सवार दो युवतियों और एक युवक की मौत हो गई थी।

इस मामले में सुहैल मुख्य आरोपित है, जबकि उसके तीन दोस्तों निनव, अमीर और जोएल पर अपराध में मदद करने का आरोप है। चारों न्यायिक हिरासत में हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here