बागापार में सदर विकासखंड के ग्राम पंचायत बागापार कस्बे के मुख्य चौराहे पर लगा वाटर एटीएम करीब एक महीने से खराब पड़ा है। इसके चलते राहगीरों और स्थानीय लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा नहीं मिल पा रही है। जिस वाटर एटीएम के लगने से लोगों को महज एक रुपये में शुद्ध पेयजल मिलने की उम्मीद जगी थी, आज वही मशीन जिम्मेदारों की देखरेख और मरम्मत के अभाव में बंद पड़ी है। ग्रामीणों का कहना है कि वाटर एटीएम स्थापित होने पर लोगों को काफी सहूलियत मिली थी। खासकर चौराहे पर आने-जाने वाले राहगीरों और दुकानदारों को कम कीमत पर पीने का साफ पानी उपलब्ध हो जाता था। लेकिन मशीन खराब होने के बाद यह सुविधा पूरी तरह ठप हो गई है। लोगों का आरोप है कि संबंधित जिम्मेदारों की ओर से इसकी मरम्मत कराने की सुध नहीं ली जा रही है। ग्रामीण मोनू जायसवाल, नेबुलाल जायसवाल, मिश्रीलाल गौतम, राजकुमार गौतम, सलीम प्रसाद और राजकुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि सार्वजनिक सुविधा के लिए लगाए गए वाटर एटीएम का नियमित रखरखाव होना चाहिए। मशीन खराब होने से लोगों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर वाटर एटीएम की तत्काल मरम्मत कराने और नियमित संचालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
बागापार चौराहे का वाटर एटीएम एक महीने से बंद:एक रुपये में मिलता था शुद्ध पानी, ग्रामीणों ने मरम्मत और नियमित संचालन की मांग की
BREAKING
NEWS

















