गर्भवती महिला को प्राइवेट हास्पिटल ले गए, नवजात की मौत:परिजनों की शिकायत पर आशा कार्यकर्ता समेत तीन पर केस दर्ज, निजी अस्पताल सील

0
0

श्रावस्ती के भिनगा में प्रसव के दौरान बीते शनिवार नवजात की मौत के मामले में मंगलवार देर शाम पुलिस ने केस दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक, परिजनों की शिकायत पर आशा कार्यकर्ता समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित निजी अस्पताल को सील कर दिया है। परिजनों ने आशा कार्यकर्ता पर प्रसूता को सीएचसी से निजी अस्पताल ले जाने का आरोप लगाया है। जानकारी के मुताबिक, 7 नवंबर को बंठीहवा निवासी इरफान खान अपनी पत्नी आसमीन को प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी भिनगा ले गए थे। वहां डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। परिजनों का आरोप है कि अल्ट्रासाउंड के बाद आशा कार्यकर्ता सुग्गा देवी ने रिपोर्ट अपने परिचित डॉक्टर को दिखाने की बात कही और प्रसूता को लखनऊ के एक निजी अस्पताल ले गईं। आरोप है कि वहां करीब दो घंटे इलाज के बाद ऑपरेशन कराने की बात कही गई। इसके बाद परिजन प्रसूता को जिला अस्पताल ले गए। वहां करीब 10 मिनट में सामान्य प्रसव हुआ, लेकिन नवजात मृत पैदा हुआ। परिजनों का कहना है कि अल्ट्रासाउंड के समय बच्चा जीवित था और निजी अस्पताल के स्टाफ की लापरवाही से उसकी मौत हुई। नवजात की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया। पुलिस ने नवजात के शव का पोस्टमॉर्टम कराया। आशा कार्यकर्ता समेत तीन पर केस दर्ज मंगलवार को सीओ भिनगा आलोक कुमार सिंह ने बताया कि इरफान खान ने 10 नवंबर को तहरीर दी थी। इसमें आशा कार्यकर्ता सुग्गा देवी, जीएनएम लक्ष्मी और देवनारायण उर्फ दिग्विजय सिंह पर लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं। अस्पताल के स्टाफ देवनारायण के पास चिकित्सकीय डिग्री नहीं होने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पताल को सील कर दिया है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले में आगे की कार्रवाई कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here