‘जब तक वो गैर-मुद्दों को हवा देते रहेंगे, पीएम मोदी कहीं नहीं जाएंगे’, राहुल गांधी पर भाजपा का हमला

0
0

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा ने रविवार को आईएनडीआईए की रैली के जवाब में देश के कई राज्यों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च निकाले और रैलियां की। जिसमें पार्टी ने मुख्यमंत्रियों और अपने वरिष्ठ नेताओं को उतारा। शाम को पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके आईएनडीआईए की रैली को अराजक और अनुशासनहीन तमाशा बताया।

भाजपा ने राहुल गांधी की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चुनाव को लेकर की गई टिप्पणियों पर कहा कि कांग्रेस नेता ‘किसी मुगल सम्राट के बेटे’ की तरह बात कर रहे हैं। पार्टी ने कहा कि जब तक राहुल गैर-मुद्दों को हवा देते रहेंगे, प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे।

‘आपके अब्बूजान का हिंदुस्तान नहीं है’

भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल गांधी द्वारा वर्ष 2024 के चुनाव को अवैध बताने पर कहा, ‘यह हिंदुस्तान आपके अब्बूजान का नहीं है। यह हिंदुस्तानियों का है। यहां एक चायवाला भी प्रधानमंत्री बन सकता है। यही बात आपको सबसे अधिक चुभती है कि कैसे आम लोग लोकतंत्र की सीढ़ियां चढ़कर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री बन गए, जबकि वे वंशवादी जो इस देश को अपनी जागीर समझते थे, पीछे छूट गए।’

‘वह (राहुल) किसी भी तरकीब से प्रधानमंत्री नहीं बन सकते’

राहुल को 2024 के चुनाव संबंधी दावों के लिए ‘अवैध’ नेता प्रतिपक्ष बताते हुए पात्रा ने कहा कि अगर उन्हें लगता था कि चुनाव अवैध थे तो वह इसके विरुद्ध शिकायत दायर कर सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी तब तक कहीं नहीं जाएंगे, जब तक कांग्रेस नेता अराजकता पैदा करने के प्रयास में गैर-मुद्दों को हवा देते रहेंगे। हम गर्व के साथ यह बात कह रहे हैं कि उन्हें (मोदी को) 130 करोड़ लोगों का आशीर्वाद प्राप्त है।

पात्रा ने रामलीला मैदान में आइएनडीआइए के शक्ति प्रदर्शन को कमतर आंकते हुए कहा कि केसी वेणुगोपाल सहित कांग्रेस नेताओं ने दावा किया था कि रैली में 10 लाख लोग भाग लेंगे, लेकिन वहां केवल मुट्ठी भर लोग ही आए। रामलीला मैदान में दिखाई गई भीड़ ‘ट्रिक फोटोग्राफी’ थी।

पात्रा ने कहा, ‘राहुल गांधी ने कहा कि यह शिव की बारात थी। यह शिव की बारात नहीं, बल्कि एक अराजक और अनुशासनहीन तमाशा था।’

राहुल-प्रियंका के बीच दरार का लगाया आरोप

संबित पात्र ने दावा किया कि कांग्रेस राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व वाले दो खेमों में बंट गई है। पात्रा ने कहा, ‘कांग्रेस की ओर से आयोजित माक संसद में राहुल गांधी या कांग्रेस पार्टी ने प्रियंका को बोलने का मौका नहीं दिया। जबकि गैर-सांसदों समेत सभी को बोलने का मौका दिया गया। रविवार को रामलीला मैदान की रैली में भी सभी ने अपने विचार रखे और अपने-अपने मुद्दों पर बात की। लेकिन प्रियंका नाखुश दिखाई दीं। उन्हें फिर बोलने का मौका नहीं दिया गया।’

उन्होंने आगे कहा, ‘राहुल गांधी को डर है कि अगर प्रियंका को नेता के रूप में आगे किया गया, तो उन्हें हाशिये पर रखा जा सकता है?’ पात्रा ने सवाल किया कि क्या इसी वजह से गांधी परिवार के भीतर प्रियंका वाड्रा का वोट भी चुरा लिया गया है?’ भाजपा के अन्य प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी यही बात कही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here